लुधियाना: पारिवारिक विवाद को सुलझाने के लिए पुलिस स्टेशन पहुंचा एक कपल समझौते के बजाय आपस में ही बुरी तरह भिड़ गया। लुधियाना के सलेम टाबरी थाने के ठीक बाहर हुए इस ‘हाई-वोल्टेज ड्रामा’ ने हर किसी को हैरान कर दिया। बीच सड़क पर दोनों परिवारों के बीच जमकर गाली-गलौज और हाथापाई हुई, जिसे देखने के लिए वहां राहगीरों की भारी भीड़ जमा हो गई। थाने के बाहर सरेआम हुए इस पारिवारिक क्लेश ने पुलिस के भी होश उड़ा दिए।
पत्नी का गंभीर आरोप- सरेआम गालियां दीं और कपड़े फाड़े
हंगामे के बीच पत्नी ने अपने पति पर मारपीट और बदसलूकी के बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का कहना है कि वे लोग थाने में राजीनामा (समझौता) करने के लिए पहुंचे थे, लेकिन इसी बीच पति ने गंदी शब्दावली का इस्तेमाल करना शुरू कर दिया। पत्नी के मुताबिक, पति ने उसे बीच सड़क पर सरेआम भद्दी गालियां दीं और मारपीट पर उतारू हो गया। महिला का यहां तक आरोप है कि हाथापाई के दौरान तैश में आकर पति ने उसके कपड़े तक फाड़ दिए।
पति का पलटवार- ‘सालियां जानबूझकर उजाड़ रही हैं मेरा घर’
पत्नी के आरोपों के बाद पति ने भी अपनी घरवाली और उसकी बहनों (सालियों) पर जमकर अपनी भड़ास निकाली। पति ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उसकी पत्नी का चरित्र बिल्कुल भी ठीक नहीं है और वह कई अन्य लोगों के संपर्क में है। पति ने सरेआम पुलिस से मांग की कि उसकी पत्नी का मोबाइल फोन चेक करवाया जाए, जिससे सारी सच्चाई खुद-ब-खुद सामने आ जाएगी। इसके साथ ही उसने दावा किया कि उसकी पत्नी तो समझौते के लिए राजी हो गई थी, लेकिन उसकी सालियां जानबूझकर इस मामले में दखलअंदाजी कर रही हैं और उसका बसा-बसाया घर उजाड़ने पर तुली हुई हैं।
पुलिस ने बीच-बचाव कर मामले को कराया शांत
सड़क पर चल रहे इस पूरे ड्रामे पर सलेम टाबरी पुलिस का बयान भी सामने आया है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस पति-पत्नी के बीच पिछले काफी समय से आपसी विवाद चल रहा है, जिसे सुलझाने के लिए ही दोनों पक्षों को थाने बुलाया गया था। पुलिस के अनुसार, बातचीत के दौरान पत्नी पक्ष की ओर से गाली निकालने की बात को लेकर अचानक बहस शुरू हो गई, जो देखते ही देखते एक तीखी झड़प में तब्दील हो गई। फिलहाल, पुलिस ने तुरंत मौके पर दखल देकर किसी तरह दोनों पक्षों को शांत करवा दिया है और मामले में आगे की जरूरी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


A high-voltage public drama unfolded between a husband and wife outside a police station in Punjab








