लुधियाना: श्री हेमकुंड साहिब की पवित्र यात्रा पर जाने का उत्साह उस समय मातम में बदल गया, जब लुधियाना के एक 23 वर्षीय युवक की खन्ना के पास एक भीषण सड़क हादसे में जान चली गई। 30 साथियों के जत्थे के साथ बाइक पर निकले इस युवक की मौत ने न सिर्फ उसके परिवार को बल्कि पूरे इलाके को गहरे सदमे में डाल दिया है। यह दर्दनाक हादसा लुधियाना से करीब 25 किलोमीटर दूर जीटी रोड पर मंजी साहिब के पास हुआ।
गड्ढे के कारण हुआ भीषण हादसा, मौके पर ही टूटी सांसें
मृतक युवक की पहचान लुधियाना के प्रताप सिंह रोड, हैबोवाल निवासी जितेंदर सिंह के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, जितेंदर अपने करीब 30 अन्य दोस्तों के साथ बाइकों पर श्री हेमकुंड साहिब के दर्शन के लिए रवाना हुआ था। सफर के दौरान खन्ना के मंजी साहिब के पास जीटी रोड पर अचानक सड़क में आए एक बड़े गड्ढे के कारण उसकी बाइक अनियंत्रित हो गई। संतुलन बिगड़ने से बाइक तेजी से सड़क किनारे लगी लोहे की रेलिंग से जा टकराई। यह टक्कर इतनी भयानक थी कि जितेंदर की गर्दन पर गहरी और गंभीर चोट आई, जिससे उसने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
अधूरा रह गया माता-पिता के लिए खुद का घर बनाने का सपना
जितेंदर की मौत की खबर से उसके घर में कोहराम मचा हुआ है। पेशे से इलेक्ट्रीशियन जितेंदर एक बेहद साधारण परिवार से ताल्लुक रखता था और काफी कम उम्र से ही घर की पूरी आर्थिक जिम्मेदारी अपने कंधों पर उठा रहा था। उसका परिवार कई सालों से किराए के मकान में गुजर-बसर कर रहा है। कड़ी मेहनत और मजदूरी कर जितेंदर ने पाई-पाई जोड़ी थी, ताकि वह अपने माता-पिता के लिए एक अपना छोटा सा आशियाना बना सके। परिजनों ने रुंधे गले से बताया कि उनके नए घर का निर्माण कार्य अभी चल ही रहा था, लेकिन इस मनहूस हादसे ने जितेंदर की जान के साथ-साथ परिवार का यह सपना भी हमेशा के लिए अधूरा छोड़ दिया।
पुलिस ने शुरू की कानूनी कार्रवाई
इस दुखद घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में ले लिया। मामले की जानकारी देते हुए पुलिस चौकी कोर्ट के प्रभारी कर्मजीत सिंह ने बताया कि फिलहाल मृतक के परिजनों के बयानों के आधार पर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 194 के तहत आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद जितेंदर का शव उसके परिवार वालों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया जाएगा।


A 23-year-old man on a pilgrimage to Hemkund Sahib died tragically, a pothole claimed his life








