लुधियाना: लुधियाना जिले में जगराओं के सिधवां बेट कस्बे के अधीन आते गांव भूदड़ी से घरेलू हिंसा का एक ऐसा हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक पत्नी और उसकी नाबालिग बेटी ने मिलकर घर के मुखिया पर ही जानलेवा हमला कर दिया। मामूली सी बात पर शुरू हुए विवाद में पत्नी ने पति को मधानी (मक्खन निकालने वाली राई) से बेरहमी से पीटा, तो वहीं बेटी ने क्रूरता की हदें पार करते हुए पिता की आंखों में लाल मिर्च डाल दी। करीब सवा महीने पहले हुई इस रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात का खुलासा अब हुआ है, जब पुलिस ने पीड़ित पति की शिकायत पर मां-बेटी के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज किया है।
कमरे से सामान निकालकर रसोई में फेंका, विरोध करने पर भड़की पत्नी
थाना सिधवां बेट के एएसआई (ASI) जसवंत सिंह ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पीड़ित पति कुलदीप सिंह, जो कि गांव भूदड़ी का रहने वाला है, ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में कई दर्दनाक खुलासे किए हैं। कुलदीप के मुताबिक, यह खौफनाक घटना 27 अप्रैल 2026 की रात करीब 10 बजे की है। जब वह दिनभर की कड़ी मशक्कत के बाद काम से अपने घर लौटा, तो अंदर का नजारा देखकर दंग रह गया। उसकी पत्नी अमनदीप कौर ने उसका सारा निजी सामान और कपड़े कमरे से बाहर निकाल कर रसोई में फेंक दिए थे। जब कुलदीप ने अपनी ही पत्नी से इस बदसलूकी और सामान बाहर फेंकने का कारण पूछा, तो वह आगबबूला हो गई और दोनों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई।
मधानी से किए ताबड़तोड़ वार, बेटी ने आंखों में झोंकी मिर्ची
देखते ही देखते यह बहस एक बेहद हिंसक और रोंगटे खड़े कर देने वाले झगड़े में तब्दील हो गई। आरोप है कि गुस्से से अंधी हो चुकी पत्नी अमनदीप कौर ने आव देखा न ताव, घर में रखी भारी-भरकम मधानी (राड़) उठा ली और कुलदीप सिंह पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। उसने मधानी से पति के शरीर और संवेदनशील अंगों पर कई बार जोरदार वार किए, जिससे कुलदीप को गंभीर अंदरूनी चोटें आईं और वह दर्द से कराह उठा।
जुल्म की इंतिहा यहीं नहीं रुकी; कुलदीप सिंह के अनुसार, जब वह खुद को बचाने की कोशिश कर रहा था, तभी उसकी नाबालिग बेटी भी मां की क्रूरता में शामिल हो गई। पिता को बचाने के बजाय बेटी ने घर में रखी पिसी हुई लाल मिर्च उठाई और सीधे अपने पिता की आंखों में झोंक दी। आंखों में तीखी मिर्च जाते ही कुलदीप पूरी तरह अंधा हो गया और तड़पने लगा, जिसके बाद मां-बेटी ने मिलकर असहाय पड़े कुलदीप की लात-घूंसों से बेरहमी से पिटाई की।
सवा महीने बाद पुलिस ने दर्ज किया केस, इलाके में चर्चा का विषय
यह खौफनाक वारदात करीब सवा महीने पहले अंजाम दी गई थी, लेकिन पारिवारिक लोक-लाज और गंभीर चोटों के कारण मामला दबा रहा। आखिरकार पीड़ित पति ने हिम्मत जुटाकर पुलिस प्रशासन का दरवाजा खटखटाया। थाना सिधवां बेट पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी पत्नी अमनदीप कौर और उसकी नाबालिग बेटी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। सवा महीने बाद जब यह मामला आधिकारिक रूप से दर्ज होकर सामने आया, तो पूरे इलाके में यह घरेलू हिंसा चर्चा का विषय बन गई है कि कैसे एक पत्नी और बेटी अपने ही घर के मुखिया के प्रति इतनी हिंसक हो सकती हैं। पुलिस फिलहाल मामले की आगे की वैधानिक कार्रवाई में जुटी है।


Beaten with honey, pepper thrown in eyes; Wife and daughter tortured husband in Jagraon








