You are currently viewing गलत दिशा से काल बनकर आया टिप्पर, सरिया लदे ट्राले से हुई जोरदार भिड़ंत; खून से लथपथ हुआ ड्राइवर

गलत दिशा से काल बनकर आया टिप्पर, सरिया लदे ट्राले से हुई जोरदार भिड़ंत; खून से लथपथ हुआ ड्राइवर

लुधियाना: लुधियाना स्थित ढंडारी जीटी रोड पर बीती देर रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। यहां गलत दिशा से आ रहे एक बजरी (लुक) से भरे टिप्पर और सरिया लदे ट्राले के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। यह भिड़ंत इतनी भयानक थी कि ट्राला चालक बुरी तरह से घायल हो गया। खून से लथपथ हालत में राहगीरों की मदद से उसे तुरंत डीएमसी अस्पताल पहुंचाया गया है, जहां उसकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है।

रॉन्ग साइड और अचानक कट मारने से हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, मंडी गोबिंदगढ़ से सरिया लादकर एक ट्राला कटरा की ओर जा रहा था। इसी दौरान ढंडारी जीटी रोड पर गलत दिशा (रॉन्ग साइड) से लुक से भरा एक टिप्पर आ रहा था। चश्मदीदों का कहना है कि रास्ते में अचानक एक कार सामने आ गई, जिसे बचाने के चक्कर में टिप्पर चालक ने तेजी से कट मारा। इसी लापरवाही और अचानक लिए गए कट की वजह से दोनों भारी वाहनों की आपस में सीधी और जोरदार भिड़ंत हो गई।

बुरी तरह चकनाचूर हुए वाहन, ड्राइवर के सिर पर लगे 25 टांके

यह टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों ही वाहन बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए। ट्राले का कंडक्टर साइड का हिस्सा पूरी तरह टूट गया और वह बेकाबू होकर सड़क किनारे लगी रेलिंग से जा टकराया। हादसे के बाद सड़क पर हर तरफ लुक और खून बिखरा पड़ा था। इस भीषण हादसे में ट्राला चालक सुक्खा सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया है। इलाज कर रहे डॉक्टरों के अनुसार उसके सिर पर 20 से 25 टांके आए हैं और फिलहाल उसकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।

रात 12 बजे मालिक को मिली खबर

हादसे की जानकारी देते हुए ट्राला के मालिक सुंदर ने बताया कि रात करीब 10 बजे ट्राला मंडी गोबिंदगढ़ से कटरा के लिए रवाना हुआ था। रात करीब 12 बजे उनके पास कंडक्टर का घबराया हुआ फोन आया कि गाड़ी का एक्सीडेंट हो गया है और वे दोनों डीएमसी अस्पताल में भर्ती हैं। जब मालिक ने घटनास्थल पर जाकर देखा तो ट्राले का अगला हिस्सा पूरी तरह तबाह हो चुका था। इस बड़े हादसे के कारण रात के समय जीटी रोड पर काफी देर तक यातायात भी बुरी तरह प्रभावित रहा, जिसे बाद में पुलिस की मदद से सुचारू करवाया गया।

Tipper Approaches from Wrong Direction, Spells Disaster; Collides Violently with Steel-Laden Trailer