You are currently viewing न्यूजीलैंड में NRI पति ने की दरिंदगी, लुधियाना में ASI ससुर पर भी केस; स्कॉर्पियो और 10 लाख की FDR के लिए विवाहिता को नर्क बनाई जिंदगी

न्यूजीलैंड में NRI पति ने की दरिंदगी, लुधियाना में ASI ससुर पर भी केस; स्कॉर्पियो और 10 लाख की FDR के लिए विवाहिता को नर्क बनाई जिंदगी

लुधियाना: लुधियाना में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां रक्षक ही भक्षक बन बैठे। महिला थाना पुलिस ने रूपनगर में तैनात पंजाब पुलिस के एक एएसआई (ASI) और न्यूजीलैंड में रहने वाले उसके बेटे के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है। न्यू जनता नगर के रहने वाले पीड़ित परिवार की शिकायत पर पुलिस ने एएसआई महिंदर सिंह और उसके बेटे गुरजीत सिंह पर आईपीसी की धारा 406, 498-A और 506 के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है। इस मामले के सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।

50 लाख खर्च कर की थी शादी, फिर भी नहीं भरा मन

शिकायतकर्ता सुदर्शन कुमार ने पुलिस को दी गई जानकारी में बताया कि उन्होंने अपनी बेटी रितु चौहान की शादी 14 फरवरी 2024 को एएसआई के बेटे गुरजीत सिंह के साथ बेहद धूमधाम से की थी। पीड़ित परिवार का कहना है कि शादी से पहले लड़के वालों ने दहेज न लेने का पूरा भरोसा दिया था। इसी विश्वास में परिवार ने शादी में करीब 50 लाख रुपये पानी की तरह बहा दिए, जिसमें कैश, महंगे गिफ्ट और 35 तोले सोने के भारी आभूषण भी दिए गए थे। लेकिन शादी के कुछ समय बाद ही ससुराल वालों की नीयत बदल गई और उन्होंने लालच में आकर एक स्कॉर्पियो कार, 10 लाख रुपये की एफडीआर (FDR) और अतिरिक्त सोने के गहनों की डिमांड शुरू कर दी।

न्यूजीलैंड पहुंचते ही खुला पति की बेवफाई का गंदा राज

इस पूरे मामले में सबसे बड़ा मोड़ तब आया जब रितु विजिटर वीजा पर अपने पति के पास न्यूजीलैंड पहुंची। वहां जाने पर उसे पता चला कि जिसे वो अपना जीवनसाथी मानती है, वह शादी से पहले से ही न्यूजीलैंड में किसी दूसरी महिला के साथ रिलेशनशिप में रह रहा है। जब रितु ने अपने पति को उस गैर औरत के साथ बेहद करीब देखा, तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। इस कड़वी सच्चाई के सामने आने के बाद पति-पत्नी के बीच भयंकर विवाद शुरू हो गया। इसके बाद ससुराल वालों ने भी रितु को दहेज के ताने मारते हुए उसके लाए गए सामान को घटिया बताना शुरू कर दिया।

गला दबाकर मारने की कोशिश, फिर धक्के मारकर इंडिया भेजा

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि पति का राज खुलने और दहेज की नई मांगें पूरी न करने पर उसके साथ जानवरों जैसा सलूक किया गया। आरोपी पति ने उसे कई बार बेरहमी से पीटा, थप्पड़ मारे और हद तो तब पार हो गई जब उसका गला दबाकर जान से मारने की भी कोशिश की गई। प्रताड़ना की सारी हदें पार करने के बाद जून 2025 में रितु को धक्के मारकर वापस भारत भेज दिया गया। भारत लौटने के बाद दोनों परिवारों के बीच कई बार पंचायतें हुईं और समझौता कराने की कोशिश की गई, लेकिन आरोपी पक्ष अपनी जिद पर अड़ा रहा और साफ कह दिया कि जब तक स्कॉर्पियो और 10 लाख की एफडीआर नहीं मिलेगी, वे रितु को वापस नहीं रखेंगे। फिलहाल मामले की जांच कर रहीं सब-इंस्पेक्टर बिबल पाल कौर का कहना है कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ सख्त मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई तेजी से की जा रही है।

NRI husband commits brutality in Zealand, ASI father-in-law also booked in Ludhiana