जालंधर: शहर के शेखा बाजार स्थित तेल वाली गली में नशे के काले कारोबार ने एक और घर का चिराग हमेशा के लिए बुझा दिया है। यहां संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवक की तड़प-तड़प कर दर्दनाक मौत हो गई, जिसकी पहचान संजय के रूप में हुई है। मृतक की बेबस मां ने साफ तौर पर इसे नशे के ओवरडोज का मामला बताया है। इस खौफनाक घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और खुलेआम बिक रहे नशे को लेकर स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है।
राशन के पैसों से खरीदी मौत, लड़खड़ाते हुए लौटा था घर
मृतक की मां कंचन ने रोते-बिलखते हुए बताया कि उनका बेटा संजय नशे की दलदल में बुरी तरह धंस चुका था। उन्होंने बताया कि बीते दिन संजय घर से राशन (आटे) की कॉपी और 400 रुपये लेकर निकला था, लेकिन उसने उन पैसों का राशन लाने के बजाय नशा खरीदा और खुद को नशे का जानलेवा टीका लगा लिया। रात को जब वह घर वापस लौटा तो उसके कदम बुरी तरह लड़खड़ा रहे थे और उसकी हालत बिल्कुल भी ठीक नहीं लग रही थी। कंचन के मुताबिक, संजय अक्सर अपनी ताई (जेठानी) के घर चला जाता था और वहां से देर रात ही लौटकर आता था।
डॉक्टर ने किया मृत घोषित, इंसाफ मिलने तक नहीं होगा अंतिम संस्कार
घर लौटने के कुछ ही देर बाद संजय की तबीयत अचानक बहुत ज्यादा बिगड़ने लगी। रात करीब 9 बजे मां ने देखा कि संजय बेसुध पड़ा है और उसके शरीर में कोई हलचल नहीं हो रही है। आनन-फानन में देर रात डॉक्टर विजय को घर पर बुलाया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। जांच के बाद डॉक्टर ने संजय को मृत घोषित कर दिया। इस दुखद मौत के बाद परिवार के करीबी गुरमीत सिंह ने प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए स्पष्ट चेतावनी दी है कि जब तक पीड़ित परिवार को इंसाफ नहीं मिल जाता और दोषियों पर कार्रवाई नहीं होती, तब तक मृतक का अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा।
गली-गली बिक रहा मौत का सामान, सरकार से मुफ्त इलाज की गुहार
संजय की मौत ने जालंधर में धड़ल्ले से चल रहे ड्रग्स सिंडिकेट की पोल खोलकर रख दी है। गुरमीत सिंह ने भारी रोष जताते हुए कहा कि आज शहर की गली-गली में मौत का सामान यानी नशा सरेआम बिक रहा है। युवा आसानी से नशीली गोलियां और अन्य जानलेवा मादक पदार्थ खरीद रहे हैं, जिसका नतीजा ऐसी दर्दनाक मौतों के रूप में सामने आ रहा है। उन्होंने पंजाब सरकार से पुरजोर अपील की है कि नशे के जाल में फंस चुके युवाओं का तुरंत और मुफ्त इलाज करवाया जाए, ताकि भविष्य में किसी और मां की गोद सूनी न हो और पंजाब की जवानी को बचाया जा सके।

Jalandhar: Son leaves home with money from mother to buy groceries








