You are currently viewing अस्पताल में जिंदगी से जंग लड़ रहे सूफी गायक गुलशन मीर, इलाज के फंड पर नूरां सिस्टर्स में छिड़ी आर-पार की जंग; थाने पहुंचीं रितु

अस्पताल में जिंदगी से जंग लड़ रहे सूफी गायक गुलशन मीर, इलाज के फंड पर नूरां सिस्टर्स में छिड़ी आर-पार की जंग; थाने पहुंचीं रितु

जालंधर: जालंधर के मशहूर सूफी गायक गुलशन मीर की बिगड़ती सेहत और उनके इलाज के लिए जुटाए जा रहे फंड को लेकर नूरां परिवार में भारी विवाद खड़ा हो गया है। एक तरफ पिता अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं, तो दूसरी तरफ उनकी बेटियों (नूरां सिस्टर्स) के बीच जुबानी जंग अब पुलिस थाने तक पहुंच गई है। रितु नूरां ने अपनी बहनों के खिलाफ सीधा मोर्चा खोलते हुए थाना नंबर 5 में शिकायत दर्ज कराई है। यह पूरा बवाल पिता के किडनी ट्रांसप्लांट के लिए मांगी जा रही आर्थिक मदद और सोशल मीडिया पर वायरल हुई कुछ निजी पोस्ट के बाद गरमाया है।

अस्पताल में भर्ती हैं पिता, क्यूआर कोड जारी कर मांगी जा रही मदद

आपको बता दें कि सूफी गायक गुलशन मीर इस समय जालंधर के एक निजी किडनी अस्पताल में भर्ती हैं और उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। डॉक्टरों ने साफ कर दिया है कि उनकी जान बचाने के लिए किडनी ट्रांसप्लांट होना बेहद जरूरी है। इसके बाद रितु नूरां ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो और क्यूआर कोड शेयर करके लोगों से पिता के इलाज के लिए आर्थिक मदद की गुहार लगाई थी। रितु का कहना है कि उनके पास जो भी जमापूंजी थी, वह इलाज में पूरी तरह से खर्च हो चुकी है। उनकी इस भावुक अपील के बाद पंजाबी इंडस्ट्री के कई गायक भी मदद के लिए आगे आए हैं।

दौलत और शोहरत कमाने वाली बहनों पर पिता को भूलने का आरोप

इस मुश्किल घड़ी में परिवार के एकजुट होने की बजाय, रितु नूरां और उनकी बहनों के बीच तल्खी चरम पर पहुंच गई है। रितु ने अपनी बहनों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि वे पिछले कई सालों से खूब नाम और पैसा कमा रही हैं, और यह मुकाम उन्हें पिता की बदौलत ही मिला है। लेकिन आज जब पिता को सबसे ज्यादा जरूरत है, तो वे उनका साथ नहीं दे रही हैं। रितु का दर्द छलकते हुए सामने आया कि वह पिछले 4 महीनों से अपनी बहनों को फोन कर पिता का हाल जानने के लिए बुला रही हैं, लेकिन उनकी तरफ से कोई जवाब नहीं दिया जा रहा है।

जीजा उस्मान के खिलाफ थाने में शिकायत, भाई को परेशान करने का आरोप

बात सिर्फ अनदेखी तक नहीं रुकी, बल्कि सोशल मीडिया पर की गई बयानबाजी ने आग में घी का काम किया। रितु नूरां ने पुलिस को दी गई अपनी शिकायत में अपनी बहन ज्योति नूरां के पति उस्मान नूरा को नामजद किया है। रितु का आरोप है कि उनके भाई साहिल मीर को लेकर सोशल मीडिया पर कुछ बेहद निजी और आपत्तिजनक पोस्ट डाली गई हैं और भाई को फोन करके लगातार परेशान किया जा रहा है। रितु ने कहा कि किसी की पर्सनल लाइफ को इस तरह सरेआम करना बिल्कुल गलत है। फिलहाल पुलिस ने शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है और जल्द ही दूसरे पक्ष को भी पूछताछ के लिए तलब किया जा सकता है।

Sufi Singer Gulshan Mir Battles for His Life in Hospital; All-Out War Erupts Between the Nooran Sisters