अमृतसर: अमृतसर जिले के अजनाला स्थित गांव गुज्जापीर में एक दुखद करने वाली घटना सामने आई है। यहां आठ साल से शादीशुदा और तीन बच्चों की मां ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। सबसे दर्दनाक बात यह है कि मृतका गर्भवती भी थी। इस खौफनाक कदम से परिवार के साथ-साथ पूरा इलाका सदमे में है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और मौत के कारणों का पता लगाने में जुट गई है।
रात को उठी और लगा लिया फंदा
मृतका की पहचान काजल के रूप में हुई है, जिसकी शादी आठ साल पहले लवप्रीत के साथ हुई थी। मृतक महिला के पति लवप्रीत ने पुलिस को घटना की जानकारी देते हुए बताया कि बीती रात काजल एक बार बाथरूम जाने के लिए उठी थी। इसके बाद वह वापस आई, लेकिन कुछ देर बाद वह फिर से उठी और कमरे से बाहर चली गई। कुछ समय बीत जाने के बाद जब तलाश की गई, तो पता चला कि काजल ने साथ वाले कमरे में चुन्नी के सहारे फांसी का फंदा लगा लिया है। सुबह-सुबह हुई इस घटना से पूरे घर में चीख-पुकार मच गई।
मजदूरी कर परिवार पालता है पति
बताया जा रहा है कि काजल का पति लवप्रीत मजदूरी करके अपने परिवार का भरण-पोषण करता है। उनके पहले से ही तीन छोटे-छोटे बच्चे हैं। लवप्रीत का कहना है कि उसे बिल्कुल भी अंदाजा नहीं है कि काजल ने अचानक इतना बड़ा और आत्मघाती कदम क्यों उठाया। घर में ऐसा क्या तनाव या परेशानी थी कि एक गर्भवती महिला को मौत को गले लगाना पड़ा, यह सवाल फिलहाल एक पहेली बना हुआ है। बच्चों के सिर से अचानक मां का साया उठ जाने से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस कर रही मामले की गहराई से जांच
घटना की सूचना मिलने के तुरंत बाद थाना अजनाला के सब-इंस्पेक्टर हरजीत सिंह संधू अपनी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके का मुआयना करने के बाद शव को फंदे से उतारकर अपने कब्जे में ले लिया और उसे पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है और हर संभावित एंगल से घटना की गहनता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के विस्तृत बयानों के बाद ही मौत की असली वजह पूरी तरह से साफ हो पाएगी।

She got up during the night, went to another room, and hanged herself








