You are currently viewing जालंधर: कोठी बनाई पर नहीं मिले पैसे, फोन पर जलालत से तंग आकर राजमिस्त्री ने निगला जहर; 4 पर FIR

जालंधर: कोठी बनाई पर नहीं मिले पैसे, फोन पर जलालत से तंग आकर राजमिस्त्री ने निगला जहर; 4 पर FIR

जालंधर: जालंधर के गोराया इलाके में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां एक राजमिस्त्री ने अपनी खून-पसीने की कमाई न मिलने और लगातार मिल रही मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर जहरीला पदार्थ निगल कर अपनी जान दे दी। मृतक की पहचान गांव इंदणां क्लसके के रहने वाले जसविंदर सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने पीड़ित परिवार की शिकायत और फोन रिकॉर्डिंग के आधार पर चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

हक के पैसे मांगने पर फोन पर किया जाता था जलील

जानकारी के मुताबिक, जसविंदर सिंह ने गांव विरका में इकबाल मोहम्मद उर्फ बाली की कोठी बनाने का ठेका लिया था। मृतक के बेटे गुरपाल सिंह ने बताया कि उसके पिता ने दिन-रात एक करके काम पूरा किया। काम के दौरान भी कोठी मालिक और अन्य लोग लगातार उन पर काम जल्दी खत्म करने का भारी दबाव बनाते रहे। जब काम पूरा होने के बाद जसविंदर ने अपने हक की मजदूरी मांगी, तो आरोपियों ने पैसे देने से साफ इंकार कर दिया। इसके बजाय, वे उन्हें बार-बार फोन करके गालियां देते और मानसिक रूप से परेशान करते थे। इसी प्रताड़ना और भारी तनाव के चलते मंगलवार (21 अप्रैल) को जसविंदर ने जहरीली वस्तु निगल ली।

अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम, रिकॉर्डिंग में कैद है प्रताड़ना

जहर निगलने के बाद जसविंदर सिंह की हालत बिगड़ने लगी, जिसके बाद परिजनों ने उन्हें तुरंत फगवाड़ा के एक अस्पताल में भर्ती करवाया। वहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई थी और आज सुबह (बुधवार) इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। पीड़ित परिवार का दावा है कि उनके पास उन फोन कॉल्स की पूरी रिकॉर्डिंग मौजूद है, जिनमें आरोपियों द्वारा जसविंदर सिंह को धमकाया और जलील किया जा रहा था। परिवार ने यही साक्ष्य पुलिस को सौंपे हैं।

एक आरोपी के विदेश भागने की आशंका, पुलिस की छापेमारी जारी

डीएसपी फिल्लौर भारत मसीह ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। मृतक के बेटे गुरपाल के बयानों के आधार पर पुलिस ने फरीद मोहम्मद, प्रीतपाल सिंह (नंबरदार), हरजीत सिंह (पंचायत सदस्य) और इकबाल मोहम्मद के खिलाफ थाना गोराया में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है, हालांकि शुरुआती जांच में एक आरोपी के विदेश भाग जाने की सूचना भी मिली है। पुलिस सभी सबूतों और रिकॉर्डिंग के आधार पर मामले की गहराई से जांच कर रही है ताकि आरोपियों को जल्द से जल्द सलाखों के पीछे पहुंचाया जा सके।

Jalandhar: Built a House but Received No Payment; Fed Up with Humiliation Over the Phone