जालंधर: महानगर में तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर देखने को मिला है, जिसने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन लीं। शहर के भीड़भाड़ वाले इलाके चुनमुन मॉल के पास एक दिल दहला देने वाले सड़क हादसे में एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई। यहां पंजाब रोडवेज की एक तेज रफ्तार बस ने एक बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी। यह हादसा इतना भयानक था कि बाइक सवार ने सड़क पर ही तड़प-तड़प कर दम तोड़ दिया। सरेराह हुए इस भीषण हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
चौक पार करते समय हुआ जानलेवा हादसा
मृतक की पहचान 54 वर्षीय जसविंदर सिंह के रूप में हुई है, जो नत्थूचाहल का रहने वाला था। चश्मदीदों और पुलिस से मिली शुरुआती जानकारी के अनुसार, पंजाब रोडवेज की बस (पीबी 04 एए 7371) और जसविंदर सिंह अपनी बाइक (पीबी 09 क्यू 1716) पर चुनमुन मॉल की तरफ से आ रहे थे और दोनों ही बस स्टैंड की दिशा में जा रहे थे। इसी दौरान, जैसे ही वे चौक पार करने लगे, तेज रफ्तार बस के चालक ने लापरवाही बरतते हुए बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। राहगीरों के मुताबिक, टक्कर लगते ही जसविंदर सड़क पर जा गिरे और उन्हें संभलने तक का मौका नहीं मिला, जिससे मौके पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो गई।
शव मोर्चरी में रखवाया, आरोपी चालक मौके से फरार
हादसे के बाद घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मामले की नजाकत को देखते हुए पुलिस टीम फौरन मौके पर पहुंची और दोनों वाहनों को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। जांच अधिकारी ने बताया कि शव को घटनास्थल से उठाकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया गया है और मृतक के परिजनों को इस दुखद घटना की सूचना दे दी गई है। वहीं, हादसे को अंजाम देने के बाद आरोपी बस चालक मौका पाकर बस वहीं छोड़कर फरार हो गया। घटना की खबर मिलते ही पंजाब रोडवेज के आला अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए हैं। फिलहाल पुलिस रोडवेज प्रबंधन के साथ मिलकर फरार चालक की पहचान करने और उसे गिरफ्तार करने की कार्रवाई में जुट गई है।

In Jalandhar, a Punjab Roadways bus brutally crushed a motorcyclist








