जालंधर: जालंधर कैंट में तैनात मेजर गौरव अग्निहोत्री से तलाक के बाद ढोल-नगाड़ों पर नाचकर सुर्खियां बटोरने वाली प्रणिता शर्मा अब विवादों के घेरे में आ गई हैं। अब तक चुप रहे मेजर और उनके परिवार ने सामने आकर प्रणिता पर सनसनीखेज आरोप लगाए हैं। मेजर गौरव ने कैमरे के पीछे रहते हुए बताया कि उनकी शादी अखबार में दिए गए एक विज्ञापन के जरिए हुई थी। शुरुआत के 11 महीने तक सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन इसके बाद ससुराल पक्ष की दखलअंदाजी और प्रणिता के बर्ताव ने हंसते-खेलते घर में जहर घोल दिया।
55 लाख के गहने और 3 बीघा जमीन हड़पने का आरोप
मेजर के पिता और रिटायर्ड सूबेदार श्याम किशोर अग्निहोत्री ने बहू पर गंभीर आरोप जड़ते हुए कहा कि प्रणिता जाते समय करीब 55 लाख रुपये के कीमती जेवर अपने साथ ले गई है। इतना ही नहीं, उन्होंने दावा किया कि शादी के कुछ समय बाद ही बहू ने प्रॉपर्टी को लेकर झगड़ा शुरू कर दिया था। श्याम किशोर ने बताया, “बहू लगातार अपने नाम पर जमीन करवाने का दबाव बना रही थी। विवाद खत्म करने के लिए मैंने उसके नाम पर 3 बीघा जमीन भी की थी, जिसके पुख्ता दस्तावेज आज भी हमारे पास मौजूद हैं।” उन्होंने दुख जताते हुए कहा कि इतनी संपत्ति देने के बावजूद शादी के महज एक साल बाद ही बहू ने उन पर प्रताड़ना के झूठे आरोप लगाकर उन्हें जेल भिजवाने की साजिश रची।
बिना दहेज की शादी ने बचा लिया
रिटायर्ड सूबेदार श्याम किशोर ने भावुक होते हुए कहा कि यह शादी पूरी तरह बिना दहेज के संपन्न हुई थी, इसी सच्चाई ने आज उन्हें बचा लिया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “अगर हमने दहेज लिया होता, तो आज हम जरूर सलाखों के पीछे होते।” रिकॉर्ड के मुताबिक, 14 दिसंबर 2018 को शाहजहांपुर निवासी मेजर गौरव की शादी मेरठ की रहने वाली प्रणिता शर्मा से हुई थी। ससुर का आरोप है कि बहू का व्यवहार शुरू से ही दबंगई वाला रहा और उसने परिवार को मानसिक रूप से बुरी तरह प्रताड़ित किया।
रिश्ता बचाने की हर कोशिश हुई नाकाम, अब साजिश का आरोप
मेजर के पिता ने बताया कि उनके बेटे ने इस टूटते रिश्ते को बचाने के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगाया था। एक बार तो वे बहू को मनाकर वापस घर भी ले आए थे, लेकिन हालात नहीं सुधरे। उन्होंने प्रणिता के पिता पर भी निशाना साधते हुए कहा कि अब उनके पोते में बहू के पिता को अपना बेटा नजर आने लगा है, और इसी लालच व मंशा के चलते यह पूरा षड़यंत्र रचा गया है। फिलहाल, तलाक के बाद जश्न मनाने वाली प्रणिता के इन वीडियो और अब ससुराल पक्ष के इन गंभीर आरोपों ने इस हाई-प्रोफाइल मामले को एक नया मोड़ दे दिया है।

Jalandhar: Major Husband Hits Back at Wife Pranita—the Dancer—as Father-in-Law Levels Serious Allegations








