You are currently viewing कनाडा में पुरानी कारों को नई बताकर बेचने वाला पंजाबी युवक गिरफ्तार, फेसबुक पर ऐसे बिछाया था ठगी का जाल

कनाडा में पुरानी कारों को नई बताकर बेचने वाला पंजाबी युवक गिरफ्तार, फेसबुक पर ऐसे बिछाया था ठगी का जाल

एडमोंटन: कनाडा के एडमोंटन में पुरानी कारों को नई बताकर बेचने और लोगों के साथ धोखाधड़ी करने का एक बड़ा मामला सामने आया है। पुलिस ने इस ठगी के मास्टरमाइंड, पंजाबी मूल के हरमनदीप सिंह बिंद्रा को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी शातिर तरीके से पुरानी और ज्यादा चली हुई कारें खरीदता था और उनके ओडोमीटर (मीटर रीडिंग) के साथ छेड़छाड़ कर उन्हें महंगे दामों पर भोले-भाले लोगों को बेच देता था।

13 मार्च को शिकायत के बाद खुली पोल

एडमोंटन पुलिस सर्विस (EPS) के अनुसार, यह आरोपी सिर्फ कारों के मीटर ही पीछे नहीं करता था, बल्कि गाड़ियों के फर्जी दस्तावेज तैयार करने में भी माहिर था। इस पूरे गोरखधंधे का पर्दाफाश 13 मार्च 2026 को तब हुआ, जब एक पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। व्यक्ति ने बताया कि उसने फेसबुक मार्केटप्लेस से एक कार खरीदी थी, लेकिन जांच करने पर पता चला कि गाड़ी असल में ओडोमीटर पर दिखाई गई रीडिंग से कहीं ज्यादा चल चुकी थी। इसके अलावा गाड़ी के कागजात भी पूरी तरह से जाली निकले।

फर्जी फेसबुक अकाउंट्स से चला रहा था नेटवर्क

पुलिस की गहन जांच में पता चला है कि हरमनदीप सिंह बिंद्रा पिछले साल मार्च 2025 से इस धोखाधड़ी के नेटवर्क को बेखौफ चला रहा था। आरोपी का काम करने का तरीका बेहद शातिर था। वह पहले फेसबुक मार्केटप्लेस के जरिए बहुत ज्यादा चली हुई पुरानी गाड़ियां खरीदता था। इसके बाद वह तकनीकी रूप से मीटर से छेड़छाड़ कर रीडिंग कम कर देता था और फिर फर्जी फेसबुक अकाउंट्स का जाल बिछाकर इन गाड़ियों को ग्राहकों को बेच देता था।

पुलिस ने जारी की तस्वीर, पीड़ितों से की यह अपील

इस मामले में पुलिस ने आरोपी हरमनदीप को गिरफ्तार कर उस पर धोखाधड़ी और फर्जी दस्तावेज पेश करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस के पास अब तक कम से कम दो पुख्ता शिकायतें पहुंच चुकी हैं, लेकिन जांचकर्ताओं को शक है कि ठगी का शिकार हुए लोगों की संख्या बहुत अधिक हो सकती है। इसी अंदेशे के चलते पुलिस ने आरोपी की तस्वीर भी जारी की है और आम जनता से अपील की है कि अगर किसी ने भी इस व्यक्ति से कोई वाहन खरीदा है, तो वह बिना देरी किए तुरंत पुलिस से संपर्क करे। 

Punjabi Youth Arrested in Canada for Selling Old Cars as New! Here’s How He Laid His Fraudulent Trap on Fb