जालंधर: महानगर के बस्ती बाबा खेल इलाके के अंतर्गत आती मधुवन कॉलोनी में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने इंसानियत पर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं। मंगलवार रात करीब 10 बजे एक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में बीच सड़क पर मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, व्यक्ति अपनी सफेद रंग की एक्टिवा सड़क किनारे खड़ी कर के बैठा ही था कि अचानक वह औंधे मुंह जमीन पर गिर पड़ा। सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि वह काफी देर तक सड़क पर बेसुध पड़ा रहा, लेकिन किसी ने भी उसे अस्पताल पहुंचाने की जहमत नहीं उठाई।
एक्टिवा खड़ी करते ही अचानक गिरा और थम गई सांसें
घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने पुलिस को बताया कि मृतक अपनी सफेद एक्टिवा (PB 08 EK 2943) पर सवार होकर मधुवन कॉलोनी पहुंचा था। उसने एक दुकान के बाहर अपनी गाड़ी रोकी और वहीं बैठ गया। पास के ही एक दुकानदार टिंकू ने बताया कि देखते ही देखते वह व्यक्ति अचानक नीचे गिर गया। गिरने के बाद उसके शरीर में कोई हलचल नहीं हुई और वह वहीं पड़ा रहा।
इंसानियत हुई शर्मसार! एक घंटे तक तमाशबीन बने रहे राहगीर
इस पूरी घटना का सबसे दुखद और हैरान करने वाला पहलू यह रहा कि वह शख्स करीब एक घंटे तक बीच सड़क पर पड़ा रहा, लेकिन वहां मौजूद लोग सिर्फ तमाशबीन बने रहे। किसी ने भी इंसानियत दिखाते हुए उसे तुरंत किसी डॉक्टर के पास या एम्बुलेंस की मदद से अस्पताल ले जाने की कोशिश नहीं की। स्थानीय लोगों का कहना था कि उन्होंने पुलिस को सूचना दे दी थी, लेकिन इस कीमती समय में उस व्यक्ति को कोई मेडिकल सहायता नहीं मिल पाई।
CCTV खंगाल रही पुलिस, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा राज
घटना की सूचना मिलते ही बस्ती बाबा खेल थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने तुरंत एक स्थानीय डॉक्टर को बुलाया, जिसने प्रारंभिक जांच के बाद बताया कि व्यक्ति की सांसें थम चुकी हैं और उसकी मौत हो चुकी है। शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि मृतक बस्ती पीरदाद इलाके में किराए के मकान में रहता था। पुलिस ने उसकी एक्टिवा और सामान को जब्त कर लिया है और मौत के सटीक समय व कारणों का पता लगाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। ड्यूटी ऑफिसर के मुताबिक शव को पोस्टमार्टम के लिए जालंधर के सिविल अस्पताल भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल मृतक के परिजनों की तलाश की जा रही है।

Horrific Scene on a Jalandhar Street: Man Collapses Face-Down Immediately After Parking His Activa








