You are currently viewing रिटायर्ड DSP का बेटा निकला बैंक लुटेरा, जालंधर पुलिस ने चंद घंटों में सुलझाई PNB डकैती की गुत्थी; हथियार समेत लूटी गई नकदी का एक हिस्सा बरामद

रिटायर्ड DSP का बेटा निकला बैंक लुटेरा, जालंधर पुलिस ने चंद घंटों में सुलझाई PNB डकैती की गुत्थी; हथियार समेत लूटी गई नकदी का एक हिस्सा बरामद

जालंधर: महानगर के खुरला किंगरा स्थित पंजाब नेशनल बैंक (PNB) में हुई दिनदहाड़े डकैती के मामले को जालंधर कमिश्नरेट पुलिस ने महज कुछ ही घंटों में सुलझाकर बड़ी सफलता हासिल की है। इस सनसनीखेज वारदात का मुख्य आरोपी कोई मामूली अपराधी नहीं, बल्कि पुलिस विभाग के एक दिवंगत रिटायर्ड डीएसपी का बेटा निकला है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पास से वारदात में इस्तेमाल हथियार और लूटी गई नकदी का कुछ हिस्सा बरामद कर लिया है। पिता की मौत के बाद नशे के दलदल में फंसे इस युवक ने अपनी लत को पूरा करने के लिए बैंक लूटने जैसा दुस्साहिक कदम उठाया।

पिस्तौल तानकर फिल्मी अंदाज में की थी लूट

पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि यह वारदात 6 अप्रैल 2026 को दोपहर करीब 2:35 बजे हुई थी। दो नकाबपोश युवक अचानक पीएनबी बैंक की शाखा में दाखिल हुए और वहां मौजूद कर्मचारियों पर पिस्तौल तान दी। लुटेरों ने बंदूक की नोक पर बैंक से नकदी लूटी और पलक झपकते ही मौके से फरार हो गए। बैंक कर्मचारी विक्रम भगत के बयान के आधार पर थाना डिवीजन नंबर 7 में केस दर्ज किया गया और पुलिस की कई टीमों ने तुरंत लुटेरों की तलाश शुरू कर दी।

नशे की लत और अपराधी बैकग्राउंड

पकड़े गए आरोपी की पहचान सिमरनजीत सिंह उर्फ अमरीक सिंह निवासी ग्रीन मॉडल टाउन, जालंधर के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया कि सिमरनजीत के पिता पंजाब पुलिस में डीएसपी थे। पिता के निधन के बाद वह बुरी तरह नशे का आदी हो गया और गलत संगत में पड़कर ड्रग्स बेचने और सेवन करने लगा। इसी लत के लिए पैसों का इंतजाम करने के लिए उसने अपने साथी के साथ मिलकर बैंक डकैती की साजिश रची। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, सिमरनजीत पर पहले भी धोखाधड़ी और एनडीपीएस एक्ट (नशा तस्करी) के दो आपराधिक मामले दर्ज हैं।

हथियार बरामद, फरार साथी की तलाश जारी

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया रिवॉल्वर, तीन जिंदा कारतूस और लूटी गई नकदी का एक हिस्सा (3 लाख रुपए) बरामद कर लिया है। पुलिस अब इस बात की गहनता से जांच कर रही है कि बरामद पिस्तौल का असली मालिक कौन है और यह आरोपी के पास कहां से आई। कमिश्नर धनप्रीत कौर ने बताया कि सिमरनजीत के फरार साथी की पहचान कर ली गई है और उसे पकड़ने के लिए पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही दूसरे आरोपी को भी सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।

Retired DSP’s Son Turns Out to Be Bank Robber; Jalandhar Police Solve PNB Robbery Case Within Hours