You are currently viewing कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत के घर के ठीक पीछे बड़ी वारदात, पानी मांगने के बहाने बुजुर्ग महिला से सोने की बालियां छीनकर लुटेरे फरार- वारदात CCTV में कैद

कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत के घर के ठीक पीछे बड़ी वारदात, पानी मांगने के बहाने बुजुर्ग महिला से सोने की बालियां छीनकर लुटेरे फरार- वारदात CCTV में कैद

जालंधर: जालंधर के पॉश इलाके अर्बन एस्टेट फेज-2 में पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था की उस वक्त पोल खुल गई, जब पंजाब के कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत के आवास के ठीक पीछे दिनदहाड़े लूट की एक सनसनीखेज वारदात हो गई। यहां बाइक सवार दो बेखौफ बदमाशों ने एक बुजुर्ग महिला को अपना शिकार बनाया और पलक झपकते ही उनके कानों से सोने की बालियां नोचकर फरार हो गए।

पानी मांगने के बहाने रची खौफनाक साजिश

जानकारी के अनुसार, पीड़ित बुजुर्ग महिला लीलावती सोमवार देर शाम अपने घर के बाहर एक अन्य महिला के साथ बैठी हुई थीं। तभी वहां एक बाइक पर सवार होकर दो युवक पहुंचे। उनमें से एक युवक बाइक से नीचे उतरा और बड़े ही शातिराना अंदाज में लीलावती के पास जाकर पीने के लिए पानी मांगने लगा। बुजुर्ग महिला ने इंसानियत के नाते युवक को बताया कि पास ही बने पार्क में पानी का नल लगा हुआ है, वह वहां जाकर अपनी प्यास बुझा सकता है।

पार्क की तरफ इशारा करते ही कानों पर मारा झपट्टा

जैसे ही लीलावती ने नल का रास्ता बताने के लिए पार्क की तरफ इशारा किया, लुटेरे ने अपना असली रंग दिखा दिया। बुजुर्ग महिला का ध्यान भटकते ही युवक ने पूरी ताकत से उनके कानों पर झपट्टा मारा और सोने की दोनों बालियां नोच लीं। इससे पहले कि वहां चीख-पुकार मचती और कोई कुछ समझ पाता, बदमाश तेजी से दौड़कर सड़क पर स्टार्ट खड़ी अपने साथी की बाइक पर बैठा और वहां से रफूचक्कर हो गया। इस अचानक हुए हमले से बुजुर्ग महिला बुरी तरह सहम गईं और झपट्टामारी के कारण उनके कानों में चोट भी आई है।

सीसीटीवी में कैद हुई पूरी वारदात

पॉश और वीआईपी इलाके में हुई इस वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। यह पूरी घटना पास लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि कैसे बदमाशों ने पहले इलाके की रेकी की और फिर मौका पाते ही बड़ी चालाकी से महिला को बातों में उलझाकर घटना को अंजाम दिया। स्थानीय पुलिस का कहना है कि पीड़ित महिला के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और फुटेज के आधार पर लुटेरों के भागने के रूट को ट्रैक किया जा रहा है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही इन शातिर अपराधियों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया जाएगा।

Major Crime Committed Right Behind Cabinet Minister Mohinder Bhagat’s Residence: Robbers Flee After Snatching Gold