फरीदकोट: फरीदकोट में एक भैंस व्यापारी के साथ लाखों रुपये की सनसनीखेज लूट का मामला सामने आया है। व्यापारी अपनी भैंसें बेचकर 8 लाख रुपये की नकदी लेकर लौट रहा था, तभी उसके अपने ही कैंटर ड्राइवर ने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और कैंटर को कब्जे में लेकर फरार ड्राइवर की सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है।
मंडी से लौटते वक्त रची गई साजिश
जानकारी के अनुसार, मूल रूप से उत्तर प्रदेश के सहारनपुर निवासी और हाल में फरीदकोट के भोलूवाला रोड पर रहने वाले अनीश अहमद उर्फ नीटू अपने साथी अजीम के साथ भैंसों की खरीद-फरोख्त का काम करते हैं। बीते 3 अप्रैल को वे अपनी 15 भैंसें बेचने के लिए एक अल्ट्रा कैंटर से डेरा बस्सी पठाना की मंडी गए थे। इस कैंटर को गांव घुमियारा का रहने वाला सुखविंदर सिंह उर्फ काला चला रहा था। भैंसों को बेचने के बाद मिले 8 लाख रुपये अनीश ने एक बैग में रख लिए और उसी कैंटर में सवार होकर वापस फरीदकोट के लिए निकल पड़े।
नींद खुली तो सिर पर कर दिया जानलेवा हमला
सफर की थकान के कारण अनीश नकदी वाला बैग अपने पास रखकर कैंटर में ही सो गए। 6 अप्रैल की सुबह जब उनकी गाड़ी गांव पिपली के पास पहुंची, तो ड्राइवर सुखविंदर ने चुपके से पैसों वाला बैग उठाने की कोशिश की। इसी हलचल से अनीश की नींद खुल गई। जब उन्होंने ड्राइवर से अचानक गांव पिपली की तरफ आने का कारण पूछा, तो वह घबरा गया। उसने तुरंत गाड़ी सड़क किनारे रोकी और टूल बॉक्स से लोहे की एक भारी चाबी निकालकर अनीश के सिर पर जोरदार वार कर दिया। इससे पहले कि घायल अनीश खुद को संभाल पाते, ड्राइवर 8 लाख रुपये से भरा बैग छीनकर कैंटर को वहीं छोड़कर मौके से फरार हो गया।
आरोपी की तलाश में पुलिस की छापेमारी
इस खौफनाक घटना के बाद पीड़ित ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मामले के जांच अधिकारी एएसआई कर्मजीत सिंह ने बताया कि थाना सदर फरीदकोट पुलिस ने पीड़ित अनीश के बयान के आधार पर आरोपी ड्राइवर सुखविंदर सिंह के खिलाफ लूट और हमले का केस दर्ज कर लिया है। पुलिस की अलग-अलग टीमें आरोपी की गिरफ्तारी के लिए उसके संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी ड्राइवर को गिरफ्तार कर लूटी गई लाखों की नकदी बरामद कर ली जाएगी।

Sold 15 Buffaloes, Carried 8 Lakh in a Bag… Then, En Route, the Driver Hatched a Plot So Shocking








