You are currently viewing पंजाब में पुलिस थानों पर हमले की साजिश नाकाम, ISI का बड़ा आतंकी मॉड्यूल डिकोड; पाकिस्तानी हथियारों के साथ 3 आतंकी गिरफ्तार

पंजाब में पुलिस थानों पर हमले की साजिश नाकाम, ISI का बड़ा आतंकी मॉड्यूल डिकोड; पाकिस्तानी हथियारों के साथ 3 आतंकी गिरफ्तार

अमृतसर: पंजाब पुलिस के काउंटर इंटेलिजेंस विंग ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई (ISI) के इशारे पर काम कर रहे एक खतरनाक आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। सुरक्षा एजेंसियों ने इस बेहद संगठित आतंकी नेटवर्क पर कड़ी प्रहार करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन आतंकियों के पास से दो हैंड ग्रेनेड और एक विदेशी निर्मित ग्लॉक पिस्टल बरामद की गई है। पुलिस की इस सतर्कता और त्वरित कार्रवाई ने राज्य में किसी बड़े आतंकी हमले की साजिश को समय रहते नाकाम कर दिया है।

हथियारों पर मिली पाकिस्तानी मार्किंग, पुलिस प्रतिष्ठान थे निशाने पर

गिरफ्तार किए गए आतंकियों से बरामद हथियारों ने सीमा पार से रची जा रही खौफनाक साजिशों की पोल खोल दी है। जब्त किए गए दोनों हैंड ग्रेनेड पर पाकिस्तान ऑर्डनेंस फैक्ट्री (POF) की स्पष्ट मार्किंग पाई गई है, जो इस बात का पुख्ता प्रमाण है कि इस आतंकी नेटवर्क के तार सीधे तौर पर पाकिस्तान से जुड़े हुए हैं। प्रारंभिक जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि इस मॉड्यूल का मुख्य उद्देश्य पंजाब और अन्य राज्यों में पुलिस प्रतिष्ठानों और सुरक्षा बलों को अपना निशाना बनाना था। यह गिरोह काफी लंबे समय से इस बड़ी आतंकी घटना को अंजाम देने की फिराक में था।

गुजरात एटीएस के साथ मिलकर अहमदाबाद से एक आतंकी गिरफ्तार

इस आतंकी नेटवर्क की जड़ें देश के अन्य हिस्सों में भी फैली हुई थीं, जिसे काटने के लिए विभिन्न एजेंसियों ने बेहतरीन तालमेल का उदाहरण पेश किया। इसी कड़ी में एक अहम सुराग के आधार पर पंजाब पुलिस ने गुजरात आतंकवाद निरोधी दस्ते (ATS) के साथ मिलकर एक बड़ा साझा ऑपरेशन चलाया। इस संयुक्त कार्रवाई के तहत मॉड्यूल से जुड़े एक अहम आतंकी को गुजरात के अहमदाबाद से दबोचा गया। विभिन्न राज्यों की एजेंसियों के बीच इस शानदार समन्वय के कारण ही इतने खतरनाक नेटवर्क को नष्ट किया जा सका।

आर्म्स एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज, अन्य साथियों की तलाश तेज

फिलहाल इस पूरे मामले की गंभीरता को देखते हुए अमृतसर स्थित स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (SSOC) थाने में विस्फोटक पदार्थ अधिनियम और आर्म्स एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस और खुफिया एजेंसियां अब आतंकियों से कड़ी पूछताछ कर रही हैं। इसके साथ ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य स्लीपर सेल, मददगारों और सदस्यों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है ताकि इस पूरे मॉड्यूल को जड़ से खत्म किया जा सके।

Plot to Attack Police Stations in Punjab Foiled; Major ISI Terror Module Decoded