अमृतसर: अमृतसर जिले के नगर पंचायत अदलीवाल ब्लॉक हरसा छीना ने गांव में सामाजिक व्यवस्था और शांति बनाए रखने के नाम पर बड़ा फैसला लिया है। गांव की पंचायत और आम इजलास में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर लव मैरिज (आपसी शादी) करने वालों पर कड़ी पाबंदी लगा दी गई है। पंचायत का स्पष्ट कहना है कि बिना परिवार की मर्जी के शादी करने से अक्सर गांव के परिवारों में विवाद और आपसी रंजिश बढ़ जाती है, जिससे पूरे गांव का सामाजिक माहौल खराब होता है। इसी को रोकने के लिए यह कड़ा कदम उठाया गया है।
लव मैरिज पर पूर्ण पाबंदी
पंचायत द्वारा पारित किए गए नए नियमों के अनुसार, यदि गांव में कोई भी लड़का और लड़की आपसी सहमति से प्रेम विवाह करते हैं, तो उनके पूरे परिवार का गांव में पूरी तरह से बहिष्कार किया जाएगा। फरमान में यह भी स्पष्ट किया गया है कि यदि ऐसे मामलों में माता-पिता अपनी मर्जी से इस शादी के लिए राजी भी हो जाते हैं, तब भी गांव का कोई भी व्यक्ति उनके परिवार के साथ मेल-मिलाप नहीं रखेगा। ऐसे परिवारों के सुख-दुख में कोई भी ग्रामीण शामिल नहीं होगा और न ही उन्हें किसी भी प्रकार का सामाजिक सहयोग दिया जाएगा।
दस्तावेजों पर नहीं होंगे हस्ताक्षर
पंचायत ने इस फरमान को और सख्त बनाते हुए तय किया है कि गांव के पंच, सरपंच, पंचायत सदस्य या लंबरदार ऐसे बहिष्कृत परिवारों की किसी भी सरकारी या गैर-सरकारी काम में कोई मदद नहीं करेंगे और उनके किसी भी आवश्यक दस्तावेज पर अपने हस्ताक्षर नहीं करेंगे। इसके अलावा, यदि गांव का कोई लड़का या लड़की अपने परिवार की मर्जी के बिना किसी अन्य गांव के व्यक्ति के साथ भागकर शादी रचाता है, तो उसे भविष्य में गांव में घुसने या रहने की कोई अनुमति नहीं दी जाएगी।
नशा तस्करों का नहीं दिया जाएगा साथ
प्रेम विवाह के अलावा पंचायत ने नशे के खिलाफ भी सख्त रुख अख्तियार किया है। यह तय किया गया है कि यदि कोई भी व्यक्ति गांव में नशा बेचते हुए पकड़ा जाता है, तो पूरा गांव उसके खिलाफ खड़ा होगा और कोई भी व्यक्ति उसकी जमानत नहीं करवाएगा। अगर कोई भी शख्स नशा तस्कर के समर्थन में आगे आता है, तो उसे पूरी पंचायत और आम सभा के सामने जवाबदेह होना पड़ेगा। इसके साथ ही, गांव की पारंपरिक प्रथाओं को लेकर भी नए नियम बनाए गए हैं, जिसके तहत खुशी के मौकों पर महंतों के लान के रूप में 1100 रुपये और मरासी, भंड व छुरी मार को 500 रुपये देने का फैसला लिया गया है ताकि गांव में बिना किसी विवाद के अनुशासन बना रहे।

panchayat-decree-in-punjab-if-a-love-marriage-takes-place-in-the-village-the-entire-family




