जालंधर (अमन बग्गा): जालंधर नॉर्थ क्षेत्र में अवैध निर्माण के खिलाफ नगर निगम की कार्रवाई के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया हैं। दरअसल वार्ड नंबर 1 से कॉरपोरेशन चुनाव में हार का सामना करने वाले आप नेता इंद्रजीत सिंह की कालिया कॉलोनी फेस टू में आधा दर्जन अवैध दुकानों को सील कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, उक्त दुकानों का निर्माण निगम से बिना किसी वैध अनुमति के किया गया था और नियमों की धज्जियां भी उड़ाई गई थी।
इस मामले को लेकर स्थानीय लोगों व कांग्रेस की तेजतर्रार नेत्री पार्षद आशु शर्मा और उनके पति गौरव शर्मा नोनी की ओर से आम आदमी पार्टी के नेता इंदरजीत सिंह पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं कि उन्होंने सत्ता का दुरुपयोग करते हुए अपने क्षेत्र में अवैध रूप से कॉमर्शियल दुकानों का निर्माण करवाया जो कि पूरी तरह से नियमों के खिलाफ है।
उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं, उन्होंने कहा कि निगम अधिकारियों की मिलीभगत और लापरवाही के कारण ही ये अवैध दुकानें खड़ी हो पाईं। यदि समय रहते कार्रवाई की जाती तो स्थिति यहां तक नहीं पहुंचती।
शर्मा ने प्रशासन और नगर निगम कमिश्नर से सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि केवल सील करना पर्याप्त नहीं है यह मात्र खानापूर्ति हैं । उन्होंने मांग की है कि बुलडोजर चलाकर अवैध दुकानों को पूरी तरह ध्वस्त किया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह के अवैध निर्माणों पर रोक लगाई जा सके।
उन्होंने यह भी कहा कि यदि प्रशासन सख्ती नहीं दिखाता तो आने वाले समय में उन्हें संघर्ष और तेज करना पड़ेगा।

Action in Jalandhar North: AAP Leader Inderjit Singh’s Illegal Shops Sealed; Demand for Bulldozer Gains Momentum




