You are currently viewing 10वीं के छात्र को घर से उठा ले गई जालंधर पुलिस, बिना बताए 6 घंटे कस्टडी में रखा; आधी रात थाने के बाहर मां ने दी जान देने की धमकी

10वीं के छात्र को घर से उठा ले गई जालंधर पुलिस, बिना बताए 6 घंटे कस्टडी में रखा; आधी रात थाने के बाहर मां ने दी जान देने की धमकी

जालंधर: शहर के थाना नंबर 6 के बाहर बीती रात उस वक्त भारी हंगामा खड़ा हो गया, जब एक 10वीं कक्षा के नाबालिग छात्र को पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने के बाद उसके परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। परिजनों का आरोप है कि पुलिस उनके 17 वर्षीय बेटे को घर से उठाकर ले आई और बिना किसी जुर्म या ठोस जानकारी के उसे 6 घंटे से ज्यादा समय तक थाने में अवैध रूप से बिठाए रखा। जब परिवार वाले अपने बच्चे की तलाश में थाने पहुंचे, तो पुलिस ने न सिर्फ उन्हें मिलने से रोक दिया, बल्कि दुर्व्यवहार भी किया। हालात इतने तनावपूर्ण हो गए कि बदहवास मां ने थाने के बाहर ही अपनी जान देने की चेतावनी दे डाली।

बिना बताए 6 घंटे कस्टडी में रखा, थाने के गेट किए बंद

पीड़ित महिला ने रोते हुए बताया कि उसका बेटा महज 17 साल का है और 10वीं कक्षा में पढ़ता है। दोपहर के समय अचानक पुलिस घर आई और उसे अपने साथ ले गई। परेशान परिवार पहले अपने बच्चे की तलाश में सूर्य एंक्लेव थाने पहुंचा, तो वहां से पता चला कि उसे थाना नंबर 6 ले जाया गया है। लेकिन जब रात के समय परिजन थाना 6 पहुंचे, तो पुलिस कर्मियों ने मुख्य गेट ही अंदर से बंद कर लिए और परिवार को अंदर जाने से साफ रोक दिया। महिला ने गुहार लगाते हुए कहा कि कोई भी अधिकारी यह बताने को तैयार नहीं है कि उसके बेटे को क्यों पकड़ा गया है। उसने चेतावनी दी कि अगर उसके बेटे को कुछ भी हुआ, तो वह उसी थाने के बाहर अपनी जान दे देगी।

‘थाने से नहीं गए तो पीटेंगे…’, पिता ने लगाए गंभीर आरोप

लड़के के पिता ने भी पुलिस की इस कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने बताया कि वे दोपहर से ही अपने बेटे की तलाश में शहर के अलग-अलग थानों के धक्के खा रहे थे। रात करीब 12 बजे जाकर उन्हें भनक लगी कि उनका बेटा थाना 6 की पुलिस की कस्टडी में है। पिता का आरोप है कि जब वह पूछताछ करने के लिए गए, तो वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने उलटा उन्हें डराया-धमकाया और कहा कि अगर वे तुरंत वहां से नहीं गए तो उनकी जमकर पिटाई की जाएगी। परिजनों का कहना है कि एक नाबालिग के साथ पुलिस का यह अमानवीय रवैया कानूनी रूप से बिल्कुल गलत है।

पुलिस का दावा- स्नेचिंग के शक में पूछताछ के लिए उठाया

थाने के बाहर बढ़ते तनाव और हंगामे के बीच पुलिस ने भी अपना पक्ष रखा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोपहर के समय इलाके में एक नाबालिग लड़की से मोबाइल फोन छीनने (स्नेचिंग) की वारदात हुई थी। इसी शिकायत के आधार पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची थी और जांच के दौरान शक के आधार पर उक्त युवक को केवल पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से गहनता से जांच की जा रही है और जो भी कानून के मुताबिक सही होगा, वही कार्रवाई की जाएगी।

Jalandhar Police Pick Up 10th-Grade Student from Home, Hold Him in Custody for 6 Hours Without Notification