जालंधर: जालंधर के मॉडल हाउस स्थित एक मशहूर रेस्तरां ‘घई बेकर किचन’ में उस वक्त भारी हंगामा मच गया, जब डिनर करने पहुंचे एक परिवार के होश फाख्ता हो गए। परिवार का मासूम बच्चा जो पेप्सी पी रहा था, अचानक उस बोतल के अंदर एक कथित कीड़ा या कोई काली गंदी चीज तैरती हुई दिखाई दी। इस खौफनाक घटना के बाद रेस्तरां के अंदर जमकर बवाल हुआ। संचालक और ग्राहकों के बीच तीखी बहस के बाद पीड़ित परिवार ने इस पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया है, जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

बच्चे के मुंह तक पहुंच गई थी कोल्ड ड्रिंक, स्टाफ ने कहा- ‘यह तो बस काई है’
जानकारी के अनुसार, कमल विहार (बस्ती पीरदाद) के रहने वाले रॉकी अपनी मां, पत्नी और दो बच्चों के साथ घई बेकर किचन में खुशी-खुशी डिनर करने गए थे। खाना खत्म होने के बाद परिवार ने पीने के लिए पेप्सी ऑर्डर की। रॉकी ने बताया कि उनका बच्चा पेप्सी पी ही रहा था कि तभी उनकी पत्नी की नजर बोतल के अंदर तैर रही एक अजीबोगरीब काली चीज पर पड़ी। परिवार का साफ दावा है कि वह कोई कीड़े जैसा जीव था जो बोतल के अंदर बकायदा हिल रहा था। इस घटना से घबराए हुए परिवार ने जब तुरंत रेस्तरां के कर्मचारियों को वहां बुलाया और अपना कड़ा विरोध जताया, तो उन्होंने अपनी लापरवाही मानने के बजाय उस गंदगी को महज ‘काई’ बताकर मामले को रफा-दफा करने की कोशिश की।

मालिक ने पेप्सी कंपनी पर फोड़ा ठीकरा, परिवार ने पूछा- बच्चे को कुछ हो जाता तो जिम्मेदार कौन?
इस बेहद गंभीर मामले पर जब रेस्तरां के संचालक विनीत घई के सामने कड़ा विरोध दर्ज करवाया गया, तो उन्होंने अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ते हुए सारा दोष सीधे पेप्सी कंपनी और उसके डिस्ट्रीब्यूटर पवन टीनू पर मढ़ दिया। संचालक का तर्क था कि बोतल पीछे से ही सीलबंद आती है, इसलिए इसमें रेस्तरां की कोई गलती नहीं है। वहीं, पीड़ित पिता रॉकी ने भारी रोष जताते हुए कहा कि पेप्सी की मैन्युफैक्चरिंग डेट अभी बाकी थी, फिर भी अंदर ऐसी गंदगी निकलना सेहत के साथ सीधा खिलवाड़ है। उन्होंने सवाल किया कि अगर इस पेप्सी को पीने से उनके बच्चे की जान को कोई खतरा हो जाता या वह गंभीर रूप से बीमार पड़ जाता, तो इसका जिम्मेदार कौन होता? पीड़ित परिवार ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से तुरंत कड़ा संज्ञान लेने और सख्त कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी और की जान के साथ ऐसा खिलवाड़ न हो।

Family Left Shocked After Dining at Famous Jalandhar Restaurant; Insect Found Floating in Child’s Pepsi




