नई दिल्ली: देशभर में एलपीजी (LPG) गैस सिलेंडर का इस्तेमाल करने वाले करोड़ों उपभोक्ताओं के लिए एक बेहद जरूरी खबर है। तेल कंपनियों ने गैस सिलेंडर की बुकिंग के नियमों और इसके अंतराल (समय-सीमा) में एक बहुत बड़ा बदलाव कर दिया है। गैस की कालाबाजारी पर लगाम लगाने, सिलेंडर की जमाखोरी रोकने और खपत का बिल्कुल सही आकलन करने के मकसद से यह नई प्रणाली लागू की गई है। इसके लिए कंपनियों ने अपने बुकिंग सॉफ्टवेयर में भी बड़े तकनीकी बदलाव कर दिए हैं, जिसका सीधा असर अब आम उपभोक्ताओं से लेकर प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों तक पर पड़ेगा।
उज्ज्वला योजना और आम उपभोक्ताओं के लिए तय हुई नई समय-सीमा
नए नियमों के तहत अब उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों और आम घरेलू उपभोक्ताओं के लिए गैस रिफिल करने की समय-सीमा अलग-अलग तय कर दी गई है। सबसे ज्यादा इस्तेमाल होने वाले 14.2 किलोग्राम के घरेलू गैस सिलेंडर की बात करें, तो अब प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को इसके लिए 45 दिन का इंतजार करना होगा। वहीं, आम घरेलू उपभोक्ताओं के लिए यह बुकिंग अंतराल 25 दिन तय किया गया है। इसके अलावा 5 किलोग्राम वाले ‘छोटू’ सिलेंडर की बुकिंग उज्ज्वला लाभार्थी अब 16 दिन के अंतराल में कर सकेंगे, जबकि आम उपभोक्ताओं को यह 9 दिन में मिल जाएगा। वहीं, 10 किलोग्राम वाले कंपोजिट गैस सिलेंडर की बुकिंग के लिए 18 दिन की समय-सीमा तय की गई है।
डबल और सिंगल सिलेंडर कनेक्शन वालों को करना होगा इतना इंतजार
बाजार में अक्सर देखने में आता था कि गैस की किल्लत पैदा करने के लिए कुछ लोग जमाखोरी करने लगते थे। इसी पर सख्त एक्शन लेते हुए तेल कंपनियों ने सॉफ्टवेयर में जो बदलाव किए हैं, उसके बाद अब मनमर्जी से गैस बुकिंग नहीं हो सकेगी। नई प्रणाली के मुताबिक, जिन ग्राहकों के पास दो गैस सिलेंडर (डबल कनेक्शन) हैं, उन्हें अब अपना रिफिल बुक करने के लिए कम से कम 35 दिनों तक का इंतजार करना ही पड़ेगा। वहीं, जिन उपभोक्ताओं के पास केवल एक गैस सिलेंडर (सिंगल कनेक्शन) है, उनके लिए बुकिंग की यह न्यूनतम समय-सीमा 25 दिन निर्धारित की गई है।

Major Decision by Oil Companies Regarding Gas Cylinder Bookings: All Rules Changed Overnight




