जालंधर: जालंधर देहात पुलिस नशा तस्करों के खिलाफ लगातार सख्त कदम उठा रही है। गोराया थाना प्रभारी (SHO) परमिंदर थिंड के नेतृत्व में पुलिस लगातार नशा तस्करों की कमर तोड़ रही है और कई अपराधियों को सलाखों के पीछे पहुंचा रही है। इसी कड़ी में गोराया पुलिस ने एक और बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए तीन नशा तस्करों को 11 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है । इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से इलाके के ड्रग माफियाओं में हड़कंप मच गया है।
तलाशी में सफेद कुर्ते की जेब से मिली हेरोइन
आरोपियों की पहचान कमलदीप सिंह उर्फ बिट्टू (निवासी जी.टी. रोड गोराया), रमणदीप सिंह (निवासी बड़ा पिंड, गोराया) और सुमित कुमार (निवासी दिलबाग कॉलोनी, गोराया) के रूप में हुई। पुलिस ने जब नियमानुसार और सहमति पत्र पर हस्ताक्षर करवाकर कमलदीप सिंह की तलाशी ली, तो उसके पहने हुए सफेद रंग के कुर्ते की बायीं जेब से एक पारदर्शी लिफाफा बरामद हुआ । पुलिस ने जब इस लिफाफे को खोलकर डिजिटल कांटे से वजन किया, तो उसमें से कुल 11 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।
एनडीपीएस एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज
पुलिस ने तुरंत 11 ग्राम हेरोइन का पार्सल बनाकर उसे सील कर दिया और सबूत के तौर पर अपने कब्जे में ले लिया। हेरोइन रखने के जुर्म में गोराया पुलिस स्टेशन में इन तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 (बी) के तहत एफआईआर नंबर 0069 दर्ज कर ली गई है। पुलिस अब इन आरोपियों से आगे की गहन पूछताछ कर रही है ताकि इनके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का भी पर्दाफाश किया जा सके।

SHO Parminder Thind is breaking the backbone of drug traffickers and putting criminals behind bars




