You are currently viewing जालंधर-गोराया हाईवे पर मची चीख-पुकार, तेज रफ्तार बस ने खड़ी कार को मारी जोरदार टक्कर, यात्रियों ने खोले ड्राइवर के राज

जालंधर-गोराया हाईवे पर मची चीख-पुकार, तेज रफ्तार बस ने खड़ी कार को मारी जोरदार टक्कर, यात्रियों ने खोले ड्राइवर के राज

जालंधर: जालंधर के गोराया नेशनल हाईवे पर एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है, जहां एक तेज रफ्तार निजी बस ने एक खड़ी कार को जोरदार टक्कर मार दी। इस भयानक हादसे में कार में सवार एक ही परिवार के दो लोग घायल हो गए हैं, जबकि दोनों वाहन बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और भारी जाम की स्थिति पैदा हो गई। बाद में स्थानीय लोगों और राहगीरों की काफी मशक्कत के बाद यातायात को सुचारू करवाया जा सका।

दवाई लेने जा रहा था परिवार, तभी मौत बनकर आ गई बस

गांव अट्टी के रहने वाले कार मालिक हरदीप सिंह ने हादसे का खौफनाक मंजर बयां करते हुए बताया कि वे अपने परिवार के साथ दवाई लेने के लिए जालंधर जा रहे थे। सफर के दौरान गोराया के पास गांव अट्टा नहर के पीछे उन्होंने अपनी कार खड़ी की थी। इसी बीच लुधियाना की ओर से तेज रफ्तार में आ रही एक निजी बस ने उनकी खड़ी कार को सीधी टक्कर मार दी। पीड़ित परिवार के मुताबिक, इस हादसे में उनकी कार पूरी तरह से कबाड़ बन चुकी है और उन्हें चोटें भी आई हैं, जिससे उनका लाखों रुपये का भारी नुकसान हुआ है।

यात्रियों ने खोली पोल, सवारियों के लालच में अंधाधुंध दौड़ रही थी बस

इस खौफनाक हादसे के बाद बस में मौजूद घबराए यात्रियों ने ड्राइवर की लापरवाही की पूरी पोल खोल कर रख दी। यात्रियों ने बताया कि बस की रफ्तार शुरुआत से ही बेहद तेज थी। उन्होंने खुद कई बार ड्राइवर को बस की गति धीमी करने के लिए टोका था, लेकिन ज्यादा से ज्यादा सवारियां उठाने के लालच में ड्राइवर ने किसी की एक न सुनी और बस दौड़ाता रहा। यात्रियों ने यह भी सनसनीखेज खुलासा किया कि इस बड़े हादसे से ठीक पहले भी इसी ड्राइवर ने एक अन्य कार को बड़ी मुश्किल से बचाया था।

ड्राइवर ने दी अपनी दलील, पुलिस ने शुरू की सख्त कार्रवाई

वहीं दूसरी तरफ, बस ड्राइवर सरबजीत सिंह अपनी लापरवाही मानने को तैयार नहीं है। अपनी सफाई में उसने कहा कि जब वह लुधियाना से गोराया सर्विस लेन पर उतर रहा था, तभी एक कार गलत दिशा से यू-टर्न लेकर हाईवे पर चढ़ने लगी, जिसे उसने किसी तरह बचा लिया। ड्राइवर का दावा है कि इसके तुरंत बाद दूसरी कार भी गलत साइड से हाईवे पर आ गई, जिसके कारण यह टक्कर हो गई। इस बीच, सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे थाना गोराया के एएसआई सुरिंदर मोहन ने बताया कि दोनों दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। पुलिस दोनों पक्षों के बयान बारीकी से दर्ज कर रही है, जिसके बाद नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

here was a commotion on the Jalandhar-Goraya highway, when a speeding bus hit a parked