You are currently viewing सुबह-सुबह जालंधर-लुधियाना हाईवे पर बड़ा हादसा, ड्राइवर को आई झपकी और हवा में झूलने लगा भारी-भरकम ट्रक; राहगीरों के उड़े होश

सुबह-सुबह जालंधर-लुधियाना हाईवे पर बड़ा हादसा, ड्राइवर को आई झपकी और हवा में झूलने लगा भारी-भरकम ट्रक; राहगीरों के उड़े होश

जालंधर: जालंधर-लुधियाना हाईवे पर सुबह एक बड़ा सड़क हादसा देखने को मिला है। जालंधर के फिल्लौर इलाके में सुबह करीब 5 बजे एक तेज रफ्तार ट्रक बेकाबू होकर हाईवे की लोहे की रेलिंग को तोड़ता हुआ दूसरी लेन की तरफ जा घुसा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि भारी-भरकम ट्रक हवा में ही लटक गया। इस हादसे के बाद पूरे हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। हालांकि, गनीमत यह रही कि इस भयानक हादसे में ट्रक ड्राइवर की जान बाल-बाल बच गई और कोई बड़ा जानी नुकसान नहीं हुआ।

नींद की एक झपकी ने बरपाया कहर

हादसे का मुख्य कारण ड्राइवर को अचानक नींद आना बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, ट्रक लुधियाना की तरफ जा रहा था। इसी दौरान तड़के सुबह ड्राइवर की आंख लग गई और उसे झपकी आ गई। महज चंद सेकंड की इस झपकी की वजह से ड्राइवर का ट्रक के स्टेयरिंग से कंट्रोल पूरी तरह से हट गया। बेकाबू ट्रक सीधे डिवाइडर और हाईवे की रेलिंग को तोड़ते हुए दूसरी तरफ जाकर हवा में खतरनाक तरीके से लटक गया। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तुरंत पुलिस को अलर्ट किया।

तीन क्रेन मंगवाकर 1 घंटे तक चला भारी रेस्क्यू ऑपरेशन

घटनास्थल पर पहुंची पुलिस की टीम ने हवा में लटके इस विशालकाय ट्रैक्टर-ट्राले को हटाने के लिए तुरंत भारी-भरकम 3 क्रेन मंगवाईं। ट्राले में सामान लदा होने और इसका वजन बहुत अधिक होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इस पूरे रेस्क्यू में एक घंटे से भी ज्यादा का समय लग गया, जिसके चलते जालंधर-लुधियाना हाईवे पर लंबा जाम लग गया और सुबह-सुबह सफर कर रहे लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी। मौके पर रेस्क्यू करने पहुंचे क्रेन चालक अमरिंदर सिंह ने बताया कि उन्हें सुबह साढ़े 5 बजे इस हादसे की कॉल मिली थी और वे तुरंत टीम के साथ पहुंच गए। क्रेन चालक ने भी इस बात की पुष्टि की है कि यह पूरा हादसा ड्राइवर को नींद आने की वजह से ही हुआ है।

Major Accident on Jalandhar-Ludhiana Highway Early Morning