जालंधर: जालंधर में इन दिनों एक घर लोगों के लिए भारी आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। शहर के किशनपुरा इलाके में रहने वाले एक एनआरआई (NRI) ने अपने पैतृक घर को बिल्कुल अमेरिका जैसा रूप दे दिया है। अमेरिका में रहने वाले इस कंस्ट्रक्शन कारोबारी ने अपनी शानदार कोठी की चौथी मंजिल पर ‘स्टैच्यू ऑफ लिबर्टी’ का विशाल पुतला बनवाया है, जिसके साथ अमेरिका के झंडे भी लहरा रहे हैं। इस अनोखे नजारे को देखने और इसके साथ तस्वीरें खिंचवाने के लिए दूर-दूर से लोग पहुंच रहे हैं।
न्यूयॉर्क की यादों को संजोने के लिए आया आइडिया
स्टैच्यू बनवाने वाले गुरजीत सिंह मठारू पिछले 26 सालों से न्यूयॉर्क में रह रहे हैं और वहां उनका कंस्ट्रक्शन का कारोबार है। गुरजीत बताते हैं कि न्यूयॉर्क में रहते हुए वे अक्सर स्टैच्यू ऑफ लिबर्टी को देखते थे। उन्होंने वहां महसूस किया कि लोगों में इस ऐतिहासिक स्मारक के साथ फोटोग्राफी करने का एक अलग ही क्रेज है। चूंकि वह हर साल भारत आते हैं, इसलिए उन्होंने सोचा कि क्यों न जालंधर में बनने वाली अपनी नई कोठी की छत पर अमेरिका का यह प्रतीक बनवाया जाए। उनका मकसद अपनी न्यूयॉर्क की यादों को संजोना था और साथ ही पंजाब के लोगों को भी इसके साथ फोटो खिंचवाने का मौका देना था। गुरजीत के मुताबिक, जब से यह स्टैच्यू बनकर तैयार हुआ है, लोग लगातार उनसे मिलने आ रहे हैं, सेल्फी ले रहे हैं और उत्सुकता से पूछ रहे हैं कि उन्होंने इसे कहां से बनवाया है।
दोआबा में अनोखी कलाकृतियां बनवाने का है पुराना शौक
गौरतलब है कि पंजाब का दोआबा क्षेत्र (जालंधर, होशियारपुर और कपूरथला) एनआरआई बेल्ट के रूप में मशहूर है। यहां के लगभग हर घर से कोई न कोई सदस्य विदेश में बसा है। विदेशों में अपनी कामयाबी और अपनी जड़ों से जुड़ाव को प्रदर्शित करने के लिए इस इलाके के एनआरआई परिवारों में घरों की छतों पर अनोखी कलाकृतियां बनवाने का पुराना चलन है। स्टैच्यू ऑफ लिबर्टी से पहले भी इस बेल्ट में लोग अपनी छतों पर हवाई जहाज, फुटबॉल, ट्रैक्टर, प्रेशर कुकर और यहां तक कि कंगारू के आकार वाली पानी की टंकियां बनवाते रहे हैं। ये शानदार कलाकृतियां न सिर्फ देखने में आकर्षक लगती हैं, बल्कि राहगीरों और पर्यटकों को भी अपनी ओर खींचती हैं।

A Taste of America in Jalandhar: NRI Installs ‘Statue of Liberty’ on Rooftop




