You are currently viewing जालंधर में बदला मौसम का मिजाज, झमाझम बारिश से TET परीक्षार्थियों के परिजनों की बढ़ी आफत; गेहूं की फसल पर मंडराया खतरा

जालंधर में बदला मौसम का मिजाज, झमाझम बारिश से TET परीक्षार्थियों के परिजनों की बढ़ी आफत; गेहूं की फसल पर मंडराया खतरा

जालंधर: जालंधर और इसके आसपास के इलाकों में रविवार दोपहर अचानक मौसम ने ऐसी करवट ली कि लोगों को उमस और गर्मी से तो राहत मिल गई, लेकिन कई अन्य परेशानियां खड़ी हो गईं। शनिवार रात से ही शहर और बाहरी इलाकों में तेज ठंडी हवाएं चल रही थीं, जिसके बाद रविवार को जालंधर समेत नकोदर, फिल्लौर और आदमपुर के कई इलाकों में झमाझम बारिश देखने को मिली। इस अचानक हुई बारिश ने जहां शहर का तापमान गिरा दिया, वहीं सड़कों पर आम लोगों की मुश्किलें भी काफी बढ़ा दीं।

गेहूं की फसल पर मंडराया खतरा, ऑरेंज अलर्ट जारी

मौसम के इस बदले हुए रुख को लेकर मौसम विभाग ने सख्त चेतावनी देते हुए पूरा दिन रुक-रुककर बारिश होने, गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और ओलावृष्टि का ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी कर दिया है। विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, इस दौरान तूफानी हवाओं की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। इस बीच, कृषि विज्ञानियों का कहना है कि हल्की फुहार तो गेहूं की फसल के लिए फायदेमंद साबित हो सकती है, लेकिन अगर हवा की रफ्तार तेज हुई और ओले गिरे, तो खेतों में पकने को तैयार खड़ी फसल के बिछने (गिरने) का भारी खतरा पैदा हो जाएगा, जिससे किसानों की मेहनत पर पानी फिर सकता है।

TET परीक्षा केंद्र के बाहर परेशान होते रहे माता-पिता

इस बेमौसम बारिश ने सबसे ज्यादा परेशानी उन अभिभावकों को दी, जो रविवार को अपने बच्चों को ‘टेट’ (TET) का पेपर दिलाने के लिए जालंधर के विभिन्न सरकारी स्कूलों के बाहर पहुंचे थे। सुबह 11 बजकर 45 मिनट से लेकर दोपहर 12 बजकर 15 मिनट तक हुई तेज बारिश के कारण स्कूलों के बाहर खड़े परिजनों को छिपने की जगह तक नहीं मिली। बारिश से बचने के लिए कई माता-पिता पेड़ों की ओट लेते दिखे, तो कुछ रेन शेल्टर और स्कूल के गेटों के नीचे किसी तरह खुद को भीगने से बचाते नजर आए। अचानक आई इस आफत के चलते कई परिजन बुरी तरह भीग गए और उन्हें भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

सड़कों पर रेंगता दिखा ट्रैफिक, लगा लंबा जाम

बारिश का सीधा असर जालंधर की यातायात व्यवस्था पर भी साफ देखने को मिला। जलभराव और फिसलन के चलते शहर की कई प्रमुख सड़कों पर जाम की स्थिति पैदा हो गई। खासकर लाडोवाली रोड स्थित कन्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल, अजीत चौक से लेकर अलास्का चौक और श्रीराम चौक के पास भारी ट्रैफिक जाम लग गया। इस दौरान वाहन चालकों को काफी परेशानी हुई और बारिश के बीच गाड़ियां रेंग-रेंगकर अपनी मंजिल की ओर बढ़ती दिखाई दीं।

Weather Takes a Turn in Jalandhar: Heavy Rains Spell Trouble for Families of TET Candidates