You are currently viewing बिना नंबर प्लेट की बाइक पर घूम रहा था भांजा, रोके जाने पर दिखाई ACP मामा की धौंस; फिर फोन पर जो हुआ वो कर देगा हैरान

बिना नंबर प्लेट की बाइक पर घूम रहा था भांजा, रोके जाने पर दिखाई ACP मामा की धौंस; फिर फोन पर जो हुआ वो कर देगा हैरान

जालंधर: जालंधर में रविवार सुबह एक बेहद हैरान करने वाला और दिलचस्प मामला सामने आया है। यहां सोडल रोड पर बिना नंबर प्लेट की बाइक पर फर्राटे भर रहे एक युवक को जब एक समाजसेवक ने रोका, तो उसने अपनी गलती मानने के बजाय लुधियाना में तैनात अपने ‘एसीपी मामा’ की धौंस दिखानी शुरू कर दी। युवक ने तुरंत अपनी जेब से फोन निकाला और कॉल मिलाकर समाजसेवक के हाथ में थमा दिया। हालांकि, इसके बाद फोन पर जो बातचीत हुई, उसकी युवक ने भी कभी उम्मीद नहीं की होगी।

मामा निकले सख्त, कहा- इसे पुलिस के हवाले करो

जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब 10 बजे सोडल रोड पर समाजसेवक मनदीप सिंह दोसांझ लोगों को जागरूक करने के लिए एक कैंपेन चला रहे थे। इसी दौरान बिना नंबर की बाइक पर जा रहे इस युवक को रोका गया। युवक ने जब अपने मामा को फोन मिलाकर मनदीप को दिया, तो फोन पर बात करने वाले शख्स ने खुद को लुधियाना का एसीपी गुरप्रीत सिंह बताया और कहा कि वह जालंधर में भी एसएचओ रह चुके हैं। मनदीप ने जब उन्हें बताया कि उनका भांजा बिना नंबर प्लेट के घूम रहा है और कोई कागजात भी नहीं दिखा रहा है, तो एसीपी ने सख्त लहजे में कहा कि यह पूरी तरह गलत है। उन्होंने खुद कहा कि युवक को तुरंत पुलिस के हवाले कर दिया जाए और पुलिस से कहकर उसका चालान कटवाया जाए।

रिकॉर्डिंग की बात पर भी नहीं डरे पुलिस अधिकारी

बातचीत के दौरान जब समाजसेवक ने फोन पर कहा कि उनकी यह सारी बातचीत रिकॉर्ड हो रही है, तो एसीपी गुरप्रीत सिंह ने बेहद स्पष्ट और बेखौफ जवाब दिया। उन्होंने कहा कि कोई बात नहीं, जो भी रिकॉर्डिंग करनी है कर लीजिए, यह पुलिस का मामला है और पुलिस को अपनी कानूनी कार्रवाई करने दें। एसीपी के इस जवाब से यह साफ हो गया कि वह गलत काम में अपने रिश्तेदार का भी बचाव करने के मूड में नहीं थे।

बिना नंबर की बाइकों से होती हैं लूट की वारदातें

दरअसल, जालंधर में इन दिनों बिना नंबर प्लेट वाली बाइकों पर सवार होकर लुटेरे कई आपराधिक वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। पुलिस भी ऐसी बाइकों के खिलाफ लगातार सख्ती बरत रही है। इसी कड़ी में समाजसेवक मनदीप सिंह भी रविवार सुबह सड़क पर उतरकर लोगों को जागरूक कर रहे थे। जब उन्होंने इस युवक को रोकने की कोशिश की, तो उसने पहले बाइक भगाने का प्रयास किया, लेकिन पीछा करके उसे रोक लिया गया।

मिन्नतें करने लगा युवक, अंत में चेतावनी देकर छोड़ा

अपने ही मामा से सपोर्ट न मिलने और रिकॉर्डिंग होने की बात सुनकर युवक के पसीने छूट गए। वह समाजसेवक की मिन्नतें करने लगा और कहने लगा कि उसकी रिकॉर्डिंग न की जाए। उसने सफाई दी कि किसी कारणवश उसने नंबर प्लेट उतारी थी और वह घर पर ही रखी है, चाहे तो वह चलकर दिखा सकता है। समाजसेवक मनदीप सिंह दोसांझ ने बताया कि फिलहाल युवक को सख्त चेतावनी देकर छोड़ दिया गया है और उसे पुलिस के हवाले नहीं किया गया। हालांकि, उन्होंने यह जरूर कहा कि वह युवक की इस हरकत की पूरी रिकॉर्डिंग जालंधर की पुलिस कमिश्नर (सीपी) धनप्रीत कौर को सौंपकर मामले की शिकायत करेंगे।

Nephew spotted riding a bike without a number plate; when stopped, he threw his ACP uncle’s weight