नई दिल्ली: संयुक्त अरब अमीरात (UAE) की यात्रा करने वाले हवाई यात्रियों के लिए एक बड़ी और जरूरी खबर है। यूएई हवाई अड्डा अधिकारियों द्वारा जारी ताजा दिशा-निर्देशों के बाद एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस को अपनी उड़ानों में भारी कटौती करने पर मजबूर होना पड़ा है। 15 मार्च 2026 के लिए एयरलाइंस ने अपने ‘एड-हॉक’ ऑपरेशंस को सीमित कर दिया है, जिसके चलते दुबई और अबू धाबी जाने वाली अधिकांश उड़ानें रद्द कर दी गई हैं।
दुबई और अबू धाबी रूट पर सबसे ज्यादा असर
एयर इंडिया ने जानकारी दी है कि वह दिल्ली-दुबई मार्ग पर केवल एक रिटर्न फ्लाइट का संचालन करेगी, जबकि योजना के अनुसार तय की गई पांच उड़ानों में से चार को रद्द कर दिया गया है। एयर इंडिया एक्सप्रेस की स्थिति भी कुछ ऐसी ही है; कंपनी दिल्ली-दुबई मार्ग पर छह में से पांच उड़ानें रद्द कर चुकी है और केवल एक ही विमान उड़ान भरेगा। सबसे ज्यादा प्रभावित अबू धाबी जाने वाले यात्री हुए हैं, जहां एयर इंडिया एक्सप्रेस की सभी पांचों निर्धारित उड़ानों को कैंसिल कर दिया गया है।
शारजाह और रास अल खैमाह के लिए राहत
हालांकि, कुछ अन्य हवाई अड्डों के लिए एयरलाइंस ने राहत भरी खबर दी है। शारजाह के लिए एयर इंडिया एक्सप्रेस दिल्ली, कन्नूर, कोच्चि, कोझिकोड, मुंबई और तिरुवनंतपुरम से अपनी उड़ानें संचालित करने की योजना बना रही है। इसके साथ ही रास अल खैमाह से कोझिकोड और कोच्चि के बीच भी उड़ानों का संचालन जारी रहेगा।
स्लॉट की उपलब्धता पर टिकी नजरें
एयरलाइंस का कहना है कि वर्तमान में संचालित होने वाली ये उड़ानें भी स्लॉट की उपलब्धता और परिचालन के समय की जमीनी स्थितियों पर निर्भर करेंगी। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे हवाई अड्डे के लिए निकलने से पहले अपनी फ्लाइट का स्टेटस एयरलाइन की आधिकारिक वेबसाइट या हेल्पलाइन नंबर के जरिए जरूर जांच लें ताकि किसी भी तरह की परेशानी से बचा जा सके।








