You are currently viewing जालंधर में गैस सिलेंडर के लिए मचा हाहाकार, अचानक 3600 रुपए तक पहुंचे इंडक्शन के दाम; अस्पताल की कैंटीन ठप- बच्चे भूखे रहने को मजबूर

जालंधर में गैस सिलेंडर के लिए मचा हाहाकार, अचानक 3600 रुपए तक पहुंचे इंडक्शन के दाम; अस्पताल की कैंटीन ठप- बच्चे भूखे रहने को मजबूर

जालंधर: ईरान और इजराइल के बीच चल रहे युद्ध का सीधा असर अब जालंधर के आम लोगों की जिंदगी पर दिखने लगा है। शहर में गैस सिलेंडरों का भारी संकट पैदा हो गया है, जिससे लोगों की रसोइयों का बजट और कामकाज पूरी तरह से चरमरा गया है। हालात इतने खराब हो गए हैं कि लोगों को खाना पकाने के लिए भारी जद्दोजहद करनी पड़ रही है और गैस न मिलने के कारण बाजार में इंडक्शन चूल्हों की मांग अचानक से आसमान छूने लगी है।

अस्पताल की कैंटीन ठप, बच्चे भूखे रहने को मजबूर

गैस संकट का सबसे ज्यादा असर आम घरों और छोटे कारोबारियों पर पड़ा है। सिलेंडर की तलाश में गैस एजेंसी पहुंची एक महिला ने अपना दर्द बयां करते हुए बताया कि घर में एक ही सिलेंडर था जो सुबह अचानक खत्म हो गया, जिसके चलते अब बच्चे भूखे बैठे हैं। वहीं, एक अन्य महिला ऑटो में तीन खाली सिलेंडर लादकर पहुंची। उसने बताया कि वह एक प्राइवेट अस्पताल में कैंटीन चलाती है, लेकिन गैस खत्म होने के कारण उसे अपना काम बंद करना पड़ा है। महिला का कहना है कि अस्पताल के अंदर लकड़ी जलाकर खाना बनाना भी संभव नहीं है। काम ठप होने के डर से उसके माथे पर चिंता की लकीरें साफ देखी जा सकती हैं।

बाजार में अचानक उमड़ी भीड़, इंडक्शन की डिमांड ने तोड़े रिकॉर्ड

गैस की सप्लाई प्रभावित होने के बाद शहर के लोगों ने मजबूरी में बिजली से चलने वाले उपकरणों का रुख कर लिया है। जालंधर की मशहूर होलसेल इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक मार्केट ‘फगवाड़ा गेट’ में इस समय पहुंचने वाला हर दूसरा ग्राहक इंडक्शन चूल्हे की ही मांग कर रहा है। दुकानदारों का कहना है कि सिलेंडर क्राइसिस के बाद अचानक से इंडक्शन खरीदने वालों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है। आलम यह है कि शहर में रोजाना 500 से 600 इंडक्शन चूल्हों की मांग आ रही है।

सप्लाई पड़ी कम, महंगाई ने भी मारी दोहरी मार

इंडक्शन चूल्हों की इस अचानक बढ़ी मांग और पीछे से कॉपर के महंगा होने के कारण इसके दामों में भी भारी उछाल आया है। बाजार में अब इंडक्शन के रेट 2500 रुपए से लेकर 3600 रुपए तक पहुंच गए हैं। दुकानदारों के मुताबिक, ग्राहकों की डिमांड इतनी ज्यादा है कि उसे पूरा कर पाना मुश्किल हो रहा है। ऐसे में अगर जल्द ही गैस सप्लाई सुचारू नहीं हुई, तो आने वाले दिनों में आम जनता की मुश्किलें और भी ज्यादा बढ़ सकती हैं।

Gas cylinders are in a panic in Jalandhar, with induction prices suddenly rising to ₹3,600