जालंधर: शहर की मशहूर पीपीआर मार्केट में बीती रात उस वक्त भारी हड़कंप मच गया, जब यहां एक दफ्तर में छापेमारी करने पहुंची जीएसटी (GST) विभाग की टीम को ही बंधक बना लिया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, शहर में कई कॉलोनियां काट चुके एक रसूखदार नेता ने पीपीआर मार्केट में ‘मेजर टाइम’ के नाम से अपना एक ऑफिस बनाया हुआ है। बीती रात जब जीएसटी विभाग की टीम इस दफ्तर में टैक्स चोरी के शक में रेड करने पहुंची, तो वहां स्थिति अचानक तनावपूर्ण हो गई। आरोप है कि नेता के इशारे पर वहां मौजूद बाउंसरों ने जीएसटी कर्मियों के साथ न सिर्फ बदसलूकी की, बल्कि उन्हें दफ्तर के अंदर ही बंधक बनाकर बाहर से ताला जड़ दिया।
सरकारी अधिकारियों को बंधक बनाए जाने की सूचना जैसे ही बाहर आई, तो प्रशासन में हड़कंप मच गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए जीएसटी विभाग के उच्चाधिकारी तुरंत हरकत में आए और स्थानीय पुलिस को इसकी सूचना दी गई। कुछ ही देर में भारी पुलिस बल ने पीपीआर मार्केट पहुंचकर दफ्तर को घेर लिया। पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए दफ्तर का ताला खुलवाया और अंदर फंसे जीएसटी अधिकारियों को सुरक्षित बाहर निकाला। इस घटना के बाद इलाके में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा।
सरकारी ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों को बंधक बनाने और सरकारी काम में बाधा डालने की इस घटना को प्रशासन ने बेहद सख्ती से लिया है। बताया जा रहा है कि पुलिस द्वारा देर रात ही आरोपी नेता और उसके बाउंसरों के खिलाफ कड़ी धाराओं में एफआईआर (FIR) दर्ज करने की तैयारी की जा रही थी। पुलिस अब इस मामले की गहनता से जांच कर रही है और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की संभावना है।

Chaos erupts during a GST raid in Jalandhar; bouncers of a colonizer leader imprison officials in their office




