You are currently viewing जालंधर के पॉश इलाके में दुस्साहस: घर में अकेली 87 वर्षीय बुजुर्ग को चाकू की नोक पर बनाया बंधक, सोने की चूड़ियां लूटकर भागे बदमाश

जालंधर के पॉश इलाके में दुस्साहस: घर में अकेली 87 वर्षीय बुजुर्ग को चाकू की नोक पर बनाया बंधक, सोने की चूड़ियां लूटकर भागे बदमाश

जालंधर: जालंधर के पॉश इलाके जेपी नगर में दिनदहाड़े लूट की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां बेखौफ बदमाशों ने घर में अकेली बैठी 87 वर्षीय बुजुर्ग महिला को बंधक बनाकर लूटपाट की घटना को अंजाम दिया है। आरोपी महिला को चाकू से डराकर उनके हाथों से सोने की दो चूड़ियां उतार ले गए। इस दुस्साहसिक वारदात के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही थाना बस्ती बावा खेल की पुलिस मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर लुटेरों की तलाश शुरू कर दी है।

विदेश में रहता है परिवार, गली में लोगों को देख भागे लुटेरे

जानकारी के अनुसार, पीड़ित बुजुर्ग महिला की पहचान 87 वर्षीय जनक देवी के रूप में हुई है। जनक देवी का पूरा परिवार विदेश में रहता है और वह घर पर अकेली रहती हैं। सोमवार सुबह करीब सवा आठ बजे वह अपने घर में बैठी थीं, तभी अचानक एक युवक अंदर घुस आया, जबकि उसका दूसरा साथी बाहर गली में पहरा दे रहा था। घर के अंदर दाखिल हुए बदमाश ने जनक देवी को चाकू दिखाकर डराया और जबरन उनके हाथों से सोने की दो चूड़ियां उतार लीं। इसके बाद लुटेरे ने उनके कानों की बालियां भी झपटने का प्रयास किया, लेकिन तभी गली में लोगों की हलचल देखकर वह घबरा गया। पकड़े जाने के डर से आरोपी अपना चाकू वहीं मौके पर फेंककर भाग निकला।

सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस, जल्द गिरफ्तारी का दावा

बदमाशों के भागने के बाद डरी-सहमी बुजुर्ग ने तुरंत घटना की जानकारी अपने पड़ोसियों को दी। आसपास के लोगों के इकट्ठा होने के बाद पुलिस को इस घटना की सूचना दी गई। थाना बस्ती बावा खेल के प्रभारी जय इंद्र ने बताया कि पुलिस को वारदात की सूचना करीब साढ़े आठ बजे मिली थी। सूचना पाते ही पुलिस टीम फौरन घटनास्थल पर पहुंची और मौके से लुटेरे द्वारा फेंका गया चाकू बरामद कर अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने पीड़ित बुजुर्ग के बयान दर्ज कर लिए हैं और आरोपियों के भागने के रूट और उनकी पहचान के लिए इलाके में लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही इन शातिर लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Audacity in a posh area of ​​Jalandhar: An 87-year-old woman, alone in her home, was held hostage at knifepoint