मोहाली: पंजाब के मोहाली में शिवरात्रि के पावन पर्व पर एक बेहद खौफनाक वारदात सामने आई है। शहर के फेज-11 इलाके में शिव मंदिर से पूजा करके लौट रहे एक युवक की कुछ बदमाशों ने चाकू (किरच) मारकर बेरहमी से हत्या कर दी। खून से लथपथ और गंभीर रूप से घायल युवक को तुरंत इलाज के लिए मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां संघर्ष के बाद उसने दम तोड़ दिया। मृतक युवक की पहचान गुरजोत सिंह के रूप में हुई है। इस सनसनीखेज वारदात के बाद से पूरे इलाके में दहशत और भारी तनाव का माहौल है।
फोर्टिस अस्पताल के बाहर परिजनों का जोरदार प्रदर्शन
गुरजोत सिंह की मौत की खबर मिलते ही उसके परिजनों और करीबियों का गुस्सा फूट पड़ा। सोमवार सुबह आक्रोशित परिजनों ने फोर्टिस अस्पताल के बाहर इकट्ठा होकर जोरदार प्रदर्शन किया। यह मामला प्रशासनिक नजरिए से इसलिए भी बेहद संवेदनशील हो गया है क्योंकि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान भी स्वास्थ्य कारणों से इसी फोर्टिस अस्पताल में भर्ती हैं। मुख्यमंत्री की मौजूदगी के चलते अस्पताल और उसके आसपास पहले से ही पुलिस का भारी पहरा है। इसके बावजूद सुरक्षा घेरे के बीच परिजनों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए हत्यारों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग उठाई है।
पुलिस ने जब्त की बाइक, लेकिन हत्यारे अब भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर
प्रदर्शन कर रहे लोगों और मृतक के परिजनों का आरोप है कि वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी युवक बाहरी राज्यों से संबंध रखते हैं। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए घटनास्थल से भागते वक्त इस्तेमाल की गई आरोपियों की बाइक को तो जब्त कर लिया है, लेकिन अभी तक मुख्य आरोपी पुलिस के हाथ नहीं लग सके हैं। परिजनों का साफ कहना है कि जब तक पुलिस आरोपियों को नहीं पकड़ती, उनका रोष शांत नहीं होगा। फिलहाल मोहाली पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की धरपकड़ के लिए इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ-साथ कई टीमों का गठन कर छापेमारी शुरू कर दी है।

Horrific incident in Punjab: Young man returning from puja stabbed to death




