मोहाली: शहर में बदमाशों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि उन्होंने फिल्मी अंदाज में लूट की एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस की बत्ती लगी कार में आए तीन लुटेरों ने आरटीओ कर्मचारी बनकर चेकिंग के बहाने 18 टायरों वाला सरिए से भरा ट्राला लूट लिया और मौके से फरार हो गए। पुलिस ने पीड़ितों की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मंडी गोबिंदगढ़ से खरड़ जा रहा था माल
मंडी गोबिंदगढ़ निवासी ड्राइवर अशोक यादव ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि वह अपने मामा सुंदर यादव के 18 टायरों वाले ट्राले पर ड्राइवरी करता है। 11 फरवरी की रात करीब 10 बजे वह और कंडक्टर अनिल कुमार मंडी गोबिंदगढ़ की सुरिंद्रा इंडस्ट्रियल कॉरपोरेशन से करीब 35 टन सरिया लादकर खरड़ के लिए निकले थे। रास्ते में खाना खाने के बाद जब वे लांडरां चौक के पास पहुंचे, तो भारी वजन के कारण टायर गर्म हो गए थे। टायरों को ठंडा करने के लिए उन्होंने चौक से करीब आधा किलोमीटर पहले ही सड़क किनारे ट्राला खड़ा कर दिया।
RTO कर्मचारी बनकर आए और मांगे कागज
12 फरवरी की तड़के करीब तीन बजे ड्राइवर और कंडक्टर ट्राले के अंदर बैठे बातें कर रहे थे, तभी पुलिस की बत्ती लगी एक कार वहां आकर रुकी। कार में सवार तीन लोगों में से एक ने ट्राले की खिड़की खटखटाई और दस्तावेजों की मांग की। ड्राइवर अशोक ने उन्हें आरटीओ दफ्तर के कर्मचारी समझकर चेकिंग के लिए गाड़ी के कागज सौंप दिए।
ओवरलोड का बहाना बनाकर ट्राला ले उड़े
कागज लेने के बाद आरोपियों ने ड्राइवर और कंडक्टर को नीचे उतारकर अपनी कार में बिठा लिया। इसी बीच उनका एक साथी ट्राले की चेकिंग करने के बहाने उस पर सवार हुआ और उसे लेकर वहां से चल दिया। जब पीड़ितों ने पूछा कि वह ट्राला लेकर कहां जा रहा है, तो कार सवार लुटेरों ने जवाब दिया कि ट्राला ओवरलोड है और वे इसे थाने लेकर जा रहे हैं।
मोबाइल छीने और सड़क पर धक्का देकर हुए फरार
कुछ दूर जाने के बाद लुटेरों ने ड्राइवर और कंडक्टर को कार से नीचे उतार दिया। पीड़ित किसी से संपर्क न कर सकें, इसलिए आरोपी उनके मोबाइल फोन भी छीनकर अपने साथ ले गए। आधी रात के अंधेरे में दोनों ने किसी तरह वहां मौजूद एक टायर मैकेनिक से फोन मांगकर अपने मालिक (मामा) को पूरी घटना की सूचना दी। इसके बाद मालिक मौके पर पहुंचा और पुलिस को शिकायत दी गई। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।

A film-style robbery in Punjab, criminals arrive in a car with police lights and make off with an 18-tyre




