You are currently viewing जालंधर में एक्टिवा और बुलेट में हुई जबरदस्त भिड़ंत, दो बच्चों की दर्दनाक मौत; गांव में पसरा मातम

जालंधर में एक्टिवा और बुलेट में हुई जबरदस्त भिड़ंत, दो बच्चों की दर्दनाक मौत; गांव में पसरा मातम

जालंधर: जालंधर के दुसांझ कलां में बीती रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ। यहां एक्टिवा और मोटरसाइकिल की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में दो मासूम बच्चों की मौत हो गई। इस दुखद घटना के बाद से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है और पीड़ित परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है।

एक्टिवा और बुलेट में हुई जबरदस्त भिड़ंत

यह हादसा दुसांझ कलां पुलिस चौकी के तहत आते इंदाना क्लासके गेट के पास हुआ। जानकारी के मुताबिक, दोनों बच्चे एक्टिवा पर सवार होकर दुसांझ कलां से कोटली खखियां की ओर जा रहे थे। उसी समय सामने से अपरा मंडी का रहने वाला हरमेश लाल अपने बुलेट मोटरसाइकिल पर सवार होकर दुसांझ कलां की तरफ आ रहा था। गेट के पास दोनों वाहनों की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भयानक थी कि एक्टिवा सवार दोनों बच्चों को गंभीर चोटें आईं और उनकी जान चली गई।

मृतकों की पहचान और घायल की स्थिति

पुलिस ने मृतकों की पहचान विक्रमजीत सिंह (पुत्र शमशेर सिंह) और समर (पुत्र धीरज) के रूप में की है। दोनों ही बच्चे दुसांझ कलां, थाना गोराया के रहने वाले थे। वहीं, बुलेट सवार हरमेश लाल (पुत्र मेजर राम) इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया है। उसे इलाज के लिए फगवाड़ा के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार चल रहा है।

पुलिस ने दर्ज किया मामला, पोस्टमार्टम के बाद सौंपे जाएंगे शव

दुसांझ कलां पुलिस चौकी के इंचार्ज जंग बहादुर सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने मृतकों के परिजनों के बयानों के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। उन्होंने बताया कि दोनों बच्चों के शवों का पोस्टमार्टम करवाने के बाद उन्हें अंतिम संस्कार के लिए वारिसों को सौंप दिया जाएगा।

Two children die tragically in a violent collision between an Activa and a Bullet in Jalandhar