जालंधर: पंजाब पुलिस ने राज्य भर में गैंगस्टरों और नशा तस्करों की कमर तोड़ने के लिए ‘ऑपरेशन प्रहार-2’ की शुरुआत कर दी है। इस ऑपरेशन के तहत अपराधियों को 72 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए पुलिस सड़कों पर उतर आई है। इसी कड़ी में आज जालंधर में भी खाकी का सख्त पहरा देखने को मिला, जहां रेलवे स्टेशन से लेकर शहर के कई इलाकों में बड़े स्तर पर सर्च अभियान चलाया गया।
रेलवे स्टेशन पर भारी फोर्स के साथ दबिश
जालंधर कैंट में स्पेशल डीजीपी (रेलवे) गुरप्रीत दियो की अगुवाई में भारी पुलिस बल ने रेलवे स्टेशन पर ‘कासो’ (CASO) ऑपरेशन के तहत विशेष चेकिंग अभियान शुरू किया। इस दौरान पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर और एसपी हरिंदर सिंह गिल भी मौके पर मौजूद रहे। एसपी गिल के निर्देश पर पुलिस की अलग-अलग टीमों ने स्टेशन के चप्पे-चप्पे को खंगाला। डॉग स्क्वॉयड की मदद से यात्रियों के बैग और बैंच पर रखे सामान की तलाशी ली गई। पुलिस की इस अचानक और सख्त कार्रवाई को देखकर स्टेशन पर मौजूद यात्रियों में हड़कंप मच गया।
45 जगहों पर रेड, 50 लोग राउंडअप
कार्रवाई की जानकारी देते हुए स्पेशल डीजीपी ने बताया कि आज पूरे राज्य में गैंगस्टरों और उनके गुर्गों के खिलाफ यह विशेष अभियान चल रहा है। इसके तहत जालंधर में करीब 45 ठिकानों पर छापेमारी की गई है। रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड के अलावा शहर के अंदरूनी और बाहरी इलाकों में भी पुलिस ने विशेष नाकेबंदी कर दी है। पुलिस कमिश्नर ने बताया कि संदिग्ध इलाकों में की गई रेड के दौरान करीब 50 लोगों को हिरासत में (राउंडअप) लिया गया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह मुहिम अगले तीन दिनों तक जारी रहेगी और अपराध के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी।

‘Operation Prahar-2’: Jalandhar Police takes major action, raids 45 locations, rounds up 50 people




