You are currently viewing पंजाब के लॉ कॉलेज में खूनी खेल, युवक ने छात्रा की गोली मारकर हत्या की, फिर खुद को भी उड़ाया; देखें कैमरे में कैद घटना का VIDEO

पंजाब के लॉ कॉलेज में खूनी खेल, युवक ने छात्रा की गोली मारकर हत्या की, फिर खुद को भी उड़ाया; देखें कैमरे में कैद घटना का VIDEO

तरनतारन: तरनतारन जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। जिले के उस्मा गांव स्थित एक लॉ कॉलेज में सोमवार को एक सिरफिरे युवक ने पहले एक छात्रा की गोली मारकर हत्या कर दी और उसके बाद खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली। दिनदहाड़े शिक्षण संस्थान के भीतर हुई इस गोलीबारी की घटना से कॉलेज परिसर में भारी दहशत और सनसनी फैल गई है।

मृतक छात्रा और हमलावर की पहचान हुई

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन तुरंत मौके पर पहुंच गया। पुलिस की शुरुआती जांच में मृतकों की पहचान हो गई है। मृतक छात्रा की पहचान 20 वर्षीय संदीप कौर के रूप में हुई है, जबकि हमलावर युवक नौशहरा पन्नुआं इलाके का रहने वाला बताया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक, दोनों ही इसी लॉ कॉलेज के छात्र थे। बताया जा रहा है कि युवक ने कॉलेज में घुसकर संदीप कौर पर फायर किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई और फिर उसने खुद की जीवनलीला भी समाप्त कर ली।

देखें VIDEO-

कॉलेज सील, जांच में जुटी पुलिस

वारदात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने पूरे लॉ कॉलेज परिसर को सील कर दिया है और किसी को भी अंदर जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया है। पुलिस अभी इस बात की गहराई से जांच कर रही है कि आखिर युवक ने छात्रा को गोली क्यों मारी और इस खौफनाक कदम के पीछे की असली वजह क्या थी।

‘ऑपरेशन प्रहार 2.0’ के आगाज पर पुलिस को चुनौती

यह हत्याकांड पुलिस के लिए एक बड़ी चुनौती बनकर सामने आया है क्योंकि आज ही पंजाब पुलिस ने राज्य भर में अपराधियों के खिलाफ ‘ऑपरेशन प्रहार 2.0’ की शुरुआत की है। 72 घंटे तक चलने वाले इस विशेष अभियान का मकसद अपराधियों पर नकेल कसना है। हैरानी की बात यह है कि जिस दिन पुलिस ने सुबह इस बड़े अभियान का आगाज किया, उसी दिन तरनतारन में सरेआम कॉलेज के अंदर घुसकर इस तरह की बड़ी वारदात को अंजाम दे दिया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

Bloody incident at a law college in Punjab: A young man shot and killed a female student, then killed himself