You are currently viewing पंजाब में ‘ऑपरेशन प्रहार 2.0’ शुरू, 12 हजार पुलिसकर्मी मैदान में, 72 घंटे तक चलेगा अपराधियों के खिलाफ महाअभियान

पंजाब में ‘ऑपरेशन प्रहार 2.0’ शुरू, 12 हजार पुलिसकर्मी मैदान में, 72 घंटे तक चलेगा अपराधियों के खिलाफ महाअभियान

चंडीगढ़: पंजाब पुलिस ने राज्य में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने और अपराधियों पर नकेल कसने के लिए आज (सोमवार) सुबह आठ बजे से ‘ऑपरेशन प्रहार 2.0’ की शुरुआत कर दी है। यह विशेष अभियान अगले 72 घंटों तक लगातार जारी रहेगा, जिसमें पुलिस का पूरा फोकस वांटेड अपराधियों की धरपकड़ पर है। अभियान की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि राज्य के सभी वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को अलग-अलग जिले आवंटित किए गए हैं। ये अधिकारी दफ्तरों में नहीं, बल्कि फील्ड में उतरकर इस ऑपरेशन का नेतृत्व कर रहे हैं। इस महाअभियान के लिए पूरे राज्य में 12 हजार पुलिस मुलाजिमों की दो हजार विशेष टीमें गठित की गई हैं।

सरेंडर का मौका, लेकिन अपराध का महिमामंडन नहीं

ऑपरेशन प्रहार 2.0 को सफल बनाने के लिए पुलिस मुख्यालय की तरफ से एक विशेष रणनीति (स्पेशल स्ट्रेटजी) तैयार की गई है। सभी जिलों में पुलिस के पास अपराधियों, अपराध के हॉटस्पॉट इलाकों, और अपराधियों के करीबी मददगारों की पूरी सूची तैयार है। इसी डेटा के आधार पर छापेमारी और तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। डीजीपी गौरव यादव ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि पंजाब में अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है। उन्होंने भटक चुके युवाओं को मुख्यधारा में लौटने का संदेश देते हुए कहा कि यदि कोई युवा सरेंडर करना चाहता है, तो उसे पूरा मौका दिया जाएगा। साथ ही डीजीपी ने सख्त लहजे में कहा कि अपराधियों को किसी भी सूरत में ग्लोरिफाई नहीं होने दिया जाएगा और उनके किए की सजा उन्हें भुगतनी ही होगी।

हाईकोर्ट की सख्ती और सियासी दबाव के बीच कार्रवाई

यह ऑपरेशन ऐसे समय में चलाया जा रहा है जब पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट कानून व्यवस्था के मुद्दे पर राज्य सरकार से जवाब तलब कर चुका है। मोहाली में एसएसपी दफ्तर पर हमले और चंडीगढ़ में आप नेता की हत्या के मुख्य आरोपी अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं, जिसे लेकर विरोधी दल लगातार सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठा रहे हैं। ऐसे में यह ऑपरेशन पुलिस की साख और सरकार की छवि के लिए बेहद अहम माना जा रहा है। गौरतलब है कि इससे पहले ‘ऑपरेशन प्रहार-1’ के दौरान शरारती तत्वों ने सोशल मीडिया पर भ्रामक खबरें फैलाकर इसे बाधित करने की कोशिश की थी, लेकिन पुलिस ने उन बाधाओं को पार करते हुए अभियान को सफल बनाया था। 

‘Operation Prahar 2.0’ launched in Punjab, 12,000 police personnel deployed, massive crackdown against criminals