You are currently viewing मनकीरत औलख का नया गाना विवादों में, DGP से की गई शिकायत; हिंसा भड़काने का आरोप- कार्रवाई की मांग

मनकीरत औलख का नया गाना विवादों में, DGP से की गई शिकायत; हिंसा भड़काने का आरोप- कार्रवाई की मांग

चंडीगढ़: पंजाब सरकार द्वारा गन कल्चर और गानों में हथियारों के महिमामंडन पर सख्त पाबंदी लगाए जाने के बावजूद पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री में ऐसे गीतों के रिलीज होने का सिलसिला थम नहीं रहा है। ताजा विवाद मशहूर पंजाबी गायक मनकीरत औलख के हाल ही में रिलीज हुए नए गाने ‘असलहा’ को लेकर खड़ा हो गया है। रिलीज होते ही यह गाना अपने विवादास्पद बोल और दृश्यों के कारण सवालों के घेरे में आ गया है, जिस पर अब राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी आने लगी हैं।

हिंसा भड़काने का आरोप और कार्रवाई की मांग

इस मामले में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने कड़ा संज्ञान लिया है। बीजेपी पंजाब ट्रेड सेल के को-कन्वीनर अरविंद शर्मा ने इस गीत पर गहरी आपत्ति जताते हुए इसे समाज के लिए घातक बताया है। अरविंद शर्मा ने पंजाब के पुलिस महानिदेशक (DGP) गौरव यादव को एक पत्र लिखकर शिकायत दर्ज करवाई है। उन्होंने अपने पत्र में आरोप लगाया है कि यह गाना युवाओं को हिंसा के लिए उकसाने का काम कर रहा है। शर्मा ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि इस गाने के प्रसारण पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाई जाए और इसे यूट्यूब समेत अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म से जल्द से जल्द हटाया जाए।

रिलीज से पहले हुआ था जोरदार प्रमोशन

मनकीरत औलख और जेहर वाइब का यह गाना तीन दिन पहले यानी 6 फरवरी को रिलीज किया गया था। इस गाने को लेकर मनकीरत औलख पिछले 15 दिनों से पंजाब भर में लगातार टूर कर रहे थे और इसका बड़े स्तर पर प्रमोशन किया जा रहा था। डिजिटल प्लेटफॉर्म्स और यूट्यूब पर रिलीज होने के साथ ही गाने के लिरिक्स और वीडियो में दिखाई गई हथियारों की नुमाइश ने विवाद को जन्म दे दिया है। आलोचकों का कहना है कि प्रशासन की सख्ती के बावजूद इस तरह के गानों का रिलीज होना पुलिस के आदेशों की खुली अवहेलना है।

Mankirt Aulakh’s new song embroiled in controversy; complaint filed with DGP