You are currently viewing बाजवा के बैंड वाले बयान पर भड़की AAP, वित्त मंत्री चीमा ने दिया 24 घंटे का अल्टीमेटम, माफी मांगे, नहीं तो कार्रवाई लिए तैयार रहे

बाजवा के बैंड वाले बयान पर भड़की AAP, वित्त मंत्री चीमा ने दिया 24 घंटे का अल्टीमेटम, माफी मांगे, नहीं तो कार्रवाई लिए तैयार रहे

चंडीगढ़: पंजाब में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा द्वारा कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ के खिलाफ की गई निजी टिप्पणी पर सियासी घमासान मच गया है। जंडियाला गुरु में एक रैली के दौरान बाजवा ने ईटीओ के पिता के पेशे को लेकर ‘बैंड बजाने वाला’ जैसा बयान दिया था। इस पर आम आदमी पार्टी (AAP) ने कड़ा रुख अपनाया है। वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने बाजवा को चेतावनी देते हुए 24 घंटे के भीतर माफी मांगने को कहा है। उन्होंने साफ कर दिया है कि अगर माफी नहीं मांगी गई तो पार्टी कड़ी कानूनी और राजनीतिक कार्रवाई करेगी।

दलित विरोधी है कांग्रेस, मेहनत का उड़ाया मजाक

हरपाल सिंह चीमा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कांग्रेस को दलित विरोधी करार दिया। उन्होंने कहा कि हरभजन सिंह ईटीओ ने गरीबी से उठकर अपनी मेहनत से यह मुकाम हासिल किया है। उन्होंने सिविल सर्विसेज की परीक्षा पास की, ईटीओ बने और फिर समाज सेवा के लिए नौकरी छोड़कर राजनीति में आए। चीमा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस हमेशा दलित मंत्रियों को निशाना बनाती है। कभी उन्हें ‘मटेरियल’ कहा जाता है तो कभी किसी और नाम से पुकारा जाता है। चीमा ने कहा कि बाजवा और कांग्रेस को एक गरीब और मेहनती व्यक्ति की कामयाबी हजम नहीं हो रही है। जातिसूचक और अपमानजनक शब्दों का प्रयोग करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।

जंडियाला गुरु रैली में बिगड़े थे बोल

विवाद की जड़ प्रताप सिंह बाजवा का वह बयान है जो उन्होंने जंडियाला गुरु की रैली में दिया था। बाजवा ने मंच से कहा था कि यहां वाला हरभजन सिंह ईटीओ पहले बैंड बजाता रहा है, अब हम उसकी बैंड बजाएंगे। बाजवा ने मंत्री पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए कहा कि ईटीओ ने जितनी बड़ी लूट मचाई है, उसकी एक-एक जानकारी उनके पास है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा था कि अब यह बैंड बजाने वाला नहीं रह गया है, इसने पंजाब का बैंड बजाना शुरू कर दिया है, इसलिए हम इसका बैंड अच्छी तरह बजाएंगे।

ईटीओ का पलटवार- सोने का चम्मच लेकर पैदा हुए कांग्रेसी

इस विवाद पर मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ ने भी भावुक और तीखा पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि बाजवा ने मेरे पिता के प्रोफेशन पर टिप्पणी की है, लेकिन मुझे बैंड वाले का बेटा होने पर गर्व है। मेरे पिता ने मेहनत की है, कोई तस्करी नहीं की। ईटीओ ने कहा कि मैं पीसीएस का एग्जाम पास कर अपनी काबिलियत से यहां पहुंचा हूं। ये कांग्रेसी सोने का चम्मच लेकर पैदा हुए हैं, इसलिए इन्हें भेदभाव करने की आदत है। उन्होंने कहा कि बैंड बजाने वाले को भी अपने बच्चों को पढ़ाने और आगे बढ़ाने का पूरा हक है। ईटीओ ने चेतावनी दी कि यह बयान कांग्रेस की बौखलाहट है और 2027 के चुनाव में दलित समाज इसका जवाब देगा।

कांग्रेस की सफाई- दलितों पर नहीं थी टिप्पणी

दूसरी ओर, कांग्रेस नेता सुखविंदर सिंह डैनी ने बाजवा का बचाव किया है। उन्होंने सफाई देते हुए कहा कि बाजवा ने दलित समाज को लेकर कोई टिप्पणी नहीं की थी। उनका इशारा पंजाब की कानून-व्यवस्था और भ्रष्टाचार की ओर था। डैनी ने कहा कि अगर दलित समाज के खिलाफ कुछ कहा गया होता, तो वे खुद अपने नेता से बात करते, लेकिन इस बयान को गलत तरीके से पेश किया जा रहा है।

The Aam Aadmi Party (AAP) was outraged by Bajwa’s statement about the band, and Finance Minister Cheema