जालंधर: महानगर के कूल रोड स्थित जवाहर नगर में शनिवार देर रात रफ्तार का कहर देखने को मिला। यहां एक तेज रफ्तार कार बेकाबू होकर पहले बिजली के खंभे और फिर डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत यह रही कि कार में सवार परिवार बाल-बाल बच गया, हालांकि ड्राइवर को चोटें आई हैं। घटना की सूचना मिलते ही नाइट डोमिनेशन पर निकली पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत बचाव कार्य शुरू किया।
बीच सड़क फंसी कार, यातायात हुआ प्रभावित
पुलिस के मुताबिक, यह हादसा रात 11 बजे के बाद हुआ। ओवरस्पीड होने के कारण कार (नंबर PB 08 Y 3286) अनियंत्रित हो गई। एक्सीडेंट के बाद गाड़ी सड़क के बीचों-बीच फंस गई, जिससे यातायात बाधित हो गया। वहां से गुजर रहे अन्य वाहन चालकों को मजबूरन दूसरी लेन का इस्तेमाल करना पड़ा। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए रातों-रात क्रेन की मदद से कार को हटाकर रोड को क्लियर करवाया। क्षतिग्रस्त कार को फिलहाल कब्जे में लेकर थाना मॉडल टाउन में खड़ा करा दिया गया है।
एसीपी ने लिया जायजा, बोले- कंट्रोल खो बैठा था ड्राइवर
नाइट डोमिनेशन पर निकले एसीपी मनमोहन सिंह ने खुद घटनास्थल का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि कार की स्थिति और घटनास्थल के मुआयने से साफ पता चलता है कि गाड़ी की रफ्तार ज्यादा थी और ड्राइवर ने अचानक नियंत्रण खो दिया। कार पहले किनारे लगे एक खंभे से टकराई और फिर अनियंत्रित होकर डिवाइडर में जा घुसी। पुलिस ने ड्राइवर का मोबाइल नंबर ले लिया है और उससे संपर्क कर हादसे के असली कारणों की जांच की जा रही है।
परिवार सुरक्षित घर लौटा, ड्राइवर को मिली फर्स्ट एड
मौके पर मौजूद राहगीरों और पुलिस ने बताया कि कार में एक परिवार सवार था। राहत की बात यह है कि इतना बड़ा हादसा होने के बावजूद परिवार के सदस्य सुरक्षित हैं और वे घटना के बाद अपने घर चले गए। वहीं, घायल ड्राइवर को पुलिस ने तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाकर प्राथमिक उपचार (फर्स्ट एड) दिलवाया। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।

Speeding car crashes into a pole and mounts the divider in Jalandhar




