सस्केचेवान: कनाडा के सस्केचेवान प्रांत से एक हैरान करने वाला वीडियो सामने आया है, जिसमें एक ग्रॉसरी स्टोर के अंदर तैनात सिख सिक्योरिटी गार्ड और एक महिला के बीच तीखी झड़प होती दिखाई दे रही है। मामला नस्लीय टिप्पणी और धार्मिक अपमान से जुड़ा बताया जा रहा है। आरोप है कि महिला ने गार्ड पर नस्लीय कमेंट्स किए, जिसके जवाब में गार्ड ने उसे थप्पड़ जड़ दिया। सोशल मीडिया पर इस घटना का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद स्थानीय पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

दाढ़ी और पगड़ी को हाथ लगाने की कोशिश पर बिगड़ा मामला
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह घटना प्रिंस अल्बर्ट शहर के एक ग्रॉसरी स्टोर की है। चश्मदीदों का कहना है कि शुरुआत में महिला और सिख सिक्योरिटी गार्ड के बीच किसी बात को लेकर बहस शुरू हुई। देखते ही देखते महिला आक्रामक हो गई और उसने गार्ड पर नस्लीय टिप्पणियां करनी शुरू कर दीं। हद तो तब हो गई जब महिला ने गार्ड की पगड़ी और दाढ़ी पर हाथ डालने की कोशिश की। अपने धार्मिक प्रतीकों के अपमान और महिला की बदसलूकी से गुस्साए गार्ड ने अपना आपा खो दिया और महिला को जोरदार थप्पड़ मार दिया। मौके पर मौजूद अन्य ग्राहकों ने इस घटना पर आपत्ति जताई और तुरंत पुलिस को सूचित किया।

पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी, गार्ड सस्पेंड
घटना की सूचना मिलते ही प्रिंस अल्बर्ट पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्टोर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वे वीडियो का बारीकी से विश्लेषण कर रहे हैं ताकि यह साफ हो सके कि गार्ड द्वारा उठाया गया कदम हमला था या उसने अपने बचाव में ऐसा किया। फुटेज के आधार पर ही यह तय होगा कि थप्पड़ मारने की मुख्य वजह क्या थी और शुरुआत किसने की। फिलहाल, जांच पूरी होने तक संबंधित सिक्योरिटी गार्ड को सस्पेंड कर दिया गया है। पुलिस का कहना है कि जांच के निष्कर्ष के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

In Canada, a Sikh security guard got angry when a woman touched his turban and slapped her








