अमृतसर: सरहदी जिले अमृतसर के जंडियाला गुरु इलाके में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब पाकिस्तान की तरफ से उड़कर आया गुब्बारों से बंधा एक संदिग्ध बैनर एक घर की छत पर आ गिरा। सीमा पार से आई इस वस्तु को लेकर लोगों में डर और कौतूहल दोनों का माहौल है। बैनर पर उर्दू में कुछ लिखा हुआ है, जिसे लेकर आशंका जताई जा रही है कि यह भारत में किसी स्लीपर सेल या जासूस के लिए भेजा गया कोई ‘कोड वर्ड’ हो सकता है।
बच्चों के हाथ लगा संदिग्ध बैनर, गांव वालों ने दी पुलिस को सूचना
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, यह बैनर गुब्बारों के सहारे हवा में तैरता हुआ भारतीय सीमा में दाखिल हुआ और जंडियाला गुरु के एक रिहायशी इलाके में स्थित मकान की छत पर लैंड कर गया। शुरुआत में घर के बच्चों ने इसे कोई खिलौना समझ लिया और वे रंग-बिरंगे गुब्बारों और बैनर से खेलने लगे। जब गांव के कुछ बड़े लोगों की नजर इस पर पड़ी, तो उन्हें शक हुआ। उन्होंने तुरंत बच्चों से वह बैनर दूर किया और मामले की जानकारी स्थानीय पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी।
उर्दू में लिखा संदेश और मोबाइल नंबर, जांच में जुटी एजेंसियां
पुलिस ने मौके से गुब्बारों और बैनर को अपने कब्जे में ले लिया है और उसे सुरक्षित स्थान पर रखवाया गया है। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि बैनर पर लाल, नीले और काले रंग की स्याही से उर्दू भाषा में कुछ लिखा गया है। सूत्रों के मुताबिक, बैनर पर पाकिस्तान में इस्तेमाल होने वाली किसी ‘मेडिकल कैप’ के बारे में जानकारी दी गई है और साथ ही एक पाकिस्तानी मोबाइल नंबर भी अंकित है। पुलिस अधिकारी अब इस नंबर और संदेश का असली मतलब डिकोड करने में जुटे हैं।
सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट, फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा जाएगा बैनर
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामला राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा हो सकता है, इसलिए इसे बेहद गंभीरता से लिया जा रहा है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि बैनर वास्तव में कहां से भेजा गया और इसका असली मकसद क्या है। क्या यह सिर्फ एक विज्ञापन है या फिर इसके जरिए ड्रग्स या हथियारों की तस्करी के लिए कोई सिग्नल भेजा गया है? इन सभी पहलुओं की बारीकी से जांच हो रही है। बैनर को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजे जाने की तैयारी है। उधर, इस घटना के बाद सीमा सुरक्षा बल (BSF) और स्थानीय पुलिस ने इलाके में निगरानी बढ़ा दी है और लोगों से किसी भी संदिग्ध वस्तु को न छूने की अपील की है।

A suspicious banner attached to balloons, which reportedly flew in from Pakistan, caused panic after landing on a rooftop




