You are currently viewing चंडीगढ़ में फिल्मी स्टाइल में बदला, भाई की मौत का हिसाब चुकाने के लिए युवक को किडनैप कर मार डाला, 2 महीने बाद होनी थी शादी

चंडीगढ़ में फिल्मी स्टाइल में बदला, भाई की मौत का हिसाब चुकाने के लिए युवक को किडनैप कर मार डाला, 2 महीने बाद होनी थी शादी

चंडीगढ़: चंडीगढ़ के हल्लोमाजरा इलाके से अपहरण किए गए एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई है। पुरानी रंजिश की आग में जल रहे तीन-चार युवकों ने पहले उसे बीच सड़क से उठाया और फिर लोहे के सरियों से पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया। मामला भाई के जन्मदिन पर हुई एक दुर्घटना से जुड़ा है, जिसका बदला लेने के लिए आरोपियों ने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। मृतक की पहचान सेक्टर-20 निवासी सुशील उर्फ साहिल के रूप में हुई है, जिसका शव शुक्रवार दोपहर डेराबस्सी सिविल अस्पताल की मोर्चरी में लावारिस हालत में मिला था। पुलिस ने शव को सेक्टर-32 जीएमसीएच शिफ्ट कर दिया है, जहां शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद उसे परिजनों को सौंपा जाएगा।

जन्मदिन की पार्टी में लिखी गई थी मौत की स्क्रिप्ट

पुलिस जांच में सामने आया है कि इस हत्या की वजह नवंबर 2025 में जीरकपुर की प्रीत कॉलोनी में हुई एक घटना है। आरोपी अनिल के भाई का जन्मदिन मनाया जा रहा था। पार्टी के दौरान शराब के नशे में कुछ युवकों ने सुशील की नई गाड़ी चलाने की जिद की थी। जब विवाद बढ़ा और सुशील वहां से जाने लगा, तो जन्मदिन मना रहा युवक अचानक गाड़ी के आगे आ गया और हादसे में उसकी जान चली गई। अपने भाई की मौत का बदला लेने के लिए अनिल और उसके साथियों ने कसम खाई थी। हालांकि इस मामले में सुशील के खिलाफ पहले से केस दर्ज था, लेकिन पुलिसिया कार्रवाई से पहले ही आरोपियों ने अपना ‘इंसाफ’ करने की ठान ली और उसे मौत के घाट उतार दिया।

बीच सड़क पर किया अपहरण, सरियों से पीटा

वारदात 5 फरवरी की शाम की है। मृतक के रिश्तेदार और चश्मदीद विजय कुमार ने बताया कि वे दोनों रैपिडो बाइक कैब चलाते थे। शाम करीब 4:30 बजे जब सुशील ने विजय को हल्लोमाजरा के रविदास मंदिर के पास छोड़ा, तभी वहां तीन-चार युवक आ धमके। उन्होंने आते ही सुशील के साथ मारपीट शुरू कर दी। जब विजय ने बचाने की कोशिश की, तो आरोपियों ने उसे धक्का दे दिया और सुशील को जबरन अपनी बाइक पर बैठाकर फरार हो गए। आरोपी उसे पहले जीरकपुर ले गए, जहां रास्ते भर उसे पीटा गया और फिर डेराबस्सी ले जाकर लोहे के सरियों से तब तक मारा जब तक उसकी जान नहीं निकल गई।

दो महीने बाद गूंजनी थी शहनाई, अब पसरा मातम

इस घटना ने एक हंसते-खेलते परिवार को पूरी तरह उजाड़ दिया है। परिजनों ने रोते हुए बताया कि सुशील की सगाई हो चुकी थी और महज दो महीने बाद ही उसकी शादी होने वाली थी। घर में खुशियों की तैयारी चल रही थी, लेकिन अब वहां मातम पसरा है। सुशील की जिंदगी पहले ही दुखों से भरी थी; उसके माता-पिता और बहन की पहले ही मौत हो चुकी थी। वह अपने भाई और भाभी के साथ सरकारी मकान में रहता था और टैक्सी चलाकर परिवार का पेट पाल रहा था।

हत्या की धाराएं जोड़ीं, आरोपियों की तलाश तेज

शुरुआत में थाना सेक्टर-31 पुलिस ने विजय कुमार के बयान पर जीरकपुर निवासी अनिल और उसके साथियों के खिलाफ केवल अपहरण का मामला दर्ज किया था। लेकिन शव मिलने के बाद एफआईआर में हत्या की धाराएं भी जोड़ दी गई हैं। पुलिस की अलग-अलग टीमें जीरकपुर और आसपास के इलाकों में लगातार छापेमारी कर रही हैं ताकि आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

In a dramatic, movie-style revenge plot in Chandigarh, a young man was kidnapped and murdered to settle a score