चंडीगढ़: पंजाब की सियासत में एक बार फिर बड़ी हलचल देखने को मिली है। पूर्व क्रिकेटर और कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी डॉ. नवजोत कौर सिद्धू के खिलाफ पार्टी ने सख्त कार्रवाई की है। कांग्रेस ने उन्हें पार्टी से निष्कासित (Expel) कर दिया है। इस बात की आधिकारिक पुष्टि पंजाब कांग्रेस के प्रभारी और छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने की है। इस फैसले के साथ ही सिद्धू परिवार और पंजाब कांग्रेस के बीच चल रही तनातनी अब आर-पार की लड़ाई में बदल गई है।
अमृतसर में बघेल ने किया बड़ा खुलासा
भूपेश बघेल आज अमृतसर के दौरे पर थे। इस दौरान वे वरिष्ठ कांग्रेस नेता डॉ. राजकुमार वेरका के निवास स्थान पर पहुंचे, जहां उन्होंने मीडिया से बातचीत की। पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए बघेल ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि डॉ. नवजोत कौर सिद्धू पहले पार्टी से निलंबित चल रही थीं, लेकिन अब उन्हें संगठन से पूरी तरह निष्कासित कर दिया गया है। उन्होंने इस दौरान पंजाब की भगवंत मान सरकार और केंद्र सरकार की नीतियों पर भी जमकर निशाना साधा, लेकिन डॉ. सिद्धू के निष्कासन की खबर ने सियासी गलियारों में सबसे ज्यादा सुर्खियां बटोरीं।
खुद भी कर चुकी थीं पार्टी छोड़ने का ऐलान
गौरतलब है कि यह कार्रवाई ऐसे समय में सामने आई है, जब बीते दिनों ही डॉ. नवजोत कौर सिद्धू ने सोशल मीडिया और बयानों के जरिए खुद ही कांग्रेस छोड़ने का ऐलान कर दिया था। उनके बागी तेवरों को देखते हुए कयास लगाए जा रहे थे कि पार्टी उन पर अनुशासनात्मक कार्रवाई कर सकती है। भूपेश बघेल के बयान ने अब इन कयासों पर मोहर लगा दी है। हालांकि, इस निष्कासन को लेकर अभी तक पार्टी की ओर से कोई आधिकारिक पत्र (Official Letter) जारी नहीं किया गया है, लेकिन प्रदेश प्रभारी के बयान ने स्थिति पूरी तरह साफ कर दी है।

Punjab Congress takes major action: Navjot Kaur Sidhu expelled from the party




