गाजियाबाद: गाजियाबाद के टीला मोड़ थाना क्षेत्र स्थित भारत सिटी सोसायटी में एक बेहद ही सनसनीखेज और दर्दनाक मामला सामने आया है। यहाँ बी-1 टॉवर के फ्लैट नंबर 907 में रहने वाली तीन सगी बहनों ने मोबाइल पर कोरियन गेम के टास्क को पूरा करने के चक्कर में नौवीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। मंगलवार देर रात करीब 2 बजे तीनों बहनों ने अपने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद किया और बालकनी में स्टूल लगाकर एक-एक कर 80 फीट की ऊंचाई से नीचे छलांग लगा दी। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।
पिता की फटकार और गेम का खूनी टास्क
मृतक बच्चियों की पहचान निशिका (16), प्राची (14) और पाखी (12) के रूप में हुई है। पुलिस जांच और पिता चेतन के बयानों से यह बात सामने आई है कि तीनों को एक ‘टास्क-बेस्ड कोरियन लव गेम’ की भयानक लत थी। पिता ने हाल ही में उन्हें गेम खेलने से मना किया था और फटकार लगाई थी, जिसके बाद बच्चियों ने यह आत्मघाती कदम उठाया। पुलिस को कमरे से एक डायरी मिली है, जिसके 18 पन्नों में सुसाइड नोट लिखा है। नोट में लिखा गया है, “मम्मी-पापा सॉरी… हम गेम नहीं छोड़ पा रहे हैं। अब आपको एहसास होगा कि हम गेम से कितना प्यार करते थे, जिसे आप छुड़वाना चाहते थे। कोरियन गेम हमारी जिंदगी और हमारी जान है।”
‘डेथ कमांडर’ बनी थी मंझली बहन
पिता चेतन ने बताया कि उनकी बेटियों पर गेम का नशा इस कदर हावी था कि उन्होंने पिछले दो साल से स्कूल जाना भी छोड़ दिया था। वे दिनभर कमरे में बंद होकर गेम खेलती थीं और किसी से बात नहीं करती थीं। हैरानी की बात यह है कि मंझली बहन प्राची गेम में ‘डेथ कमांडर’ की भूमिका में रहती थी और वही बाकी दोनों बहनों को टास्क देती थी। तीनों का व्यवहार इतना असामान्य हो गया था कि वे एक साथ नहाती थीं और एक साथ ही टॉयलेट भी जाती थीं। वे अक्सर कहती थीं कि उन्हें कोरिया जाना है।
दरवाजा तोड़कर देखा तो गायब थीं बेटियां
घटना वाली रात पिता चेतन अपनी दोनों पत्नियों और दो अन्य छोटे बच्चों के साथ एक कमरे में सो रहे थे, जबकि तीनों बेटियां दूसरे कमरे में थीं। रात में जब जोर की आवाज हुई तो परिजन जागे। उन्होंने देखा कि बेटियों का कमरा अंदर से बंद है। दरवाजा तोड़ने पर जब वे अंदर पहुंचे तो बेटियां वहां नहीं थीं। बालकनी से नीचे देखने पर तीनों खून से लथपथ जमीन पर पड़ी मिलीं। पुलिस को रात 2:18 बजे सूचना मिली, जिसके बाद उन्हें लोनी के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
पुलिस जांच और पिता की अपील
एडिशनल पुलिस कमिश्नर (लॉ एंड ऑर्डर) आलोक प्रियदर्शी ने बताया कि यह मामला प्रथम दृष्टया आत्महत्या का है, जो गेम की लत और उससे जुड़े टास्क के कारण प्रतीत होता है। पुलिस मोबाइल फोन और डायरी की जांच कर रही है ताकि यह पता चल सके कि गेम में उन्हें किस तरह के टास्क दिए जा रहे थे। वहीं, अपनी तीनों बेटियों को खोने वाले पिता चेतन ने अन्य अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों को मोबाइल गेम की लत से बचाएं और उन पर नजर रखें कि वे कौन सा गेम खेल रहे हैं।

OMG: Aged 12, 14, and 16… Three sisters jumped from the 9th floor, leaving a suicide note




