चंडीगढ़: चंडीगढ़ जिला अदालत में मंगलवार को उस वक्त हड़कंप मच गया जब वकीलों ने खुद को सीबीआई (CBI) अधिकारी बताने वाले एक जालसाज को रंगे हाथों पकड़ लिया। आरोपी सतीश वकीलों को झांसा देने की कोशिश कर रहा था, लेकिन उसकी चालाकी पकड़ी गई। आरोपी के पास से सीबीआई की फर्जी मुहर लगे कई दस्तावेज बरामद हुए हैं। वकीलों ने उसे पकड़कर तुरंत चंडीगढ़ पुलिस के हवाले कर दिया है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर उससे कड़ी पूछताछ शुरू कर दी है ताकि उसके अन्य कारनामों का पता लगाया जा सके।
नौकरी और गिफ्ट के नाम पर वसूली
ठगी के शिकार हुए जिला कोर्ट के वकील राजेश सिंह ने बताया कि आरोपी सतीश अक्सर कोर्ट परिसर में आता-जाता था और अपना आई-कार्ड दिखाकर खुद को स्पेशल ड्यूटी पर तैनात सीबीआई अधिकारी बताता था। उसने वकील को झांसा दिया कि वह उनकी बेटी की सीबीआई में नौकरी लगवा सकता है। इसके लिए उसने पहले रजिस्ट्रेशन फीस के नाम पर 7 हजार रुपये ऐंठे। हद तो तब हो गई जब सोमवार को उसने फोन करके चंडीगढ़ के होम सेक्रेटरी के जन्मदिन का बहाना बनाया और उन्हें गिफ्ट देने के लिए 12 हजार रुपये की मांग की। उसने कहा कि वह मोबाइल फोन खरीद रहा है और बाकी पैसे खुद मिला लेगा।
फर्जी मुहर वाली फाइल के साथ दबोचा
पैसों की बार-बार मांग और होम सेक्रेटरी के गिफ्ट वाली बात सुनकर वकील राजेश सिंह को शक हो गया। उन्होंने तुरंत अपने साथी वकीलों को इसकी जानकारी दी और जाल बिछाया। मंगलवार को जब आरोपी दोबारा पैसे लेने कोर्ट पहुंचा, तो पहले से सतर्क वकीलों ने उसे दबोच लिया। तलाशी लेने पर उसके पास एक फाइल मिली, जिसमें फर्जी सीबीआई स्टांप लगे दस्तावेज थे। वह दावा कर रहा था कि वकील की बेटी की फाइल दिल्ली हेडक्वार्टर पहुंच गई है और जल्द ज्वॉइनिंग लेटर आ जाएगा। फिलहाल पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है और यह जांच कर रही है कि इस फर्जी अफसर ने अब तक और कितने लोगों को अपना शिकार बनाया है।

A fake CBI officer was caught by lawyers at the Chandigarh court; his deception was exposed in this way; several documents with fake seals




