चंडीगढ़: पंजाब की राजनीति में डेरा ब्यास मुखी को लेकर छिड़ी बहस अब और तेज हो गई है। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान द्वारा बिना नाम लिए की गई एक टिप्पणी के बाद अब भारतीय जनता पार्टी (BJP) भी खुलकर मैदान में आ गई है। भाजपा ने मुख्यमंत्री मान पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया है कि सीएम अब ‘रब्बी रूहों’ (दिव्य आत्माओं) का भी मजाक उड़ाने लगे हैं। पार्टी नेताओं ने कहा कि डेरा ब्यास मुखी बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र हैं और उनके प्रति ऐसी टिप्पणियां पंजाब के लोगों की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचा रही हैं। भाजपा ने चेतावनी दी है कि पंजाब की जनता इस अपमान का जवाब जरूर देगी।
मान के ट्वीट ने मचाई हलचल
गौरतलब है कि इस पूरे विवाद की जड़ मुख्यमंत्री भगवंत मान का वह बयान है जो उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर साझा किया था। उन्होंने बिना किसी का नाम लिए लिखा था, “कल बन जाएं, चाहे आज बन जाएं। अदालतों का वहां रब राखा… जहां मुलाकाती ही जज बन जाएं।” राजनीतिक जानकारों के मुताबिक, यह टिप्पणी सीधे तौर पर उस मुलाकात से जोड़ी जा रही है, जो एक दिन पहले नाभा जेल में अकाली नेता बिक्रमजीत सिंह मजीठिया और डेरा मुखी के बीच हुई थी। इस ट्वीट के बाद से ही सियासी माहौल गरमाया हुआ है।
जेल मुलाकात के बाद बदले समीकरण
इस विवाद की पृष्ठभूमि नाभा जेल में हुई हाई-प्रोफाइल मुलाकात से जुड़ी है। इस मुलाकात के बाद बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों ने मीडिया के सामने खुलकर कहा था कि मजीठिया पर लगे सभी आरोप गलत हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया था कि मजीठिया उनके दोस्त हैं और वह आगे भी उनसे मिलते रहेंगे। अब भाजपा की एंट्री के बाद यह मामला सिर्फ बयानबाजी तक सीमित नहीं रहा, बल्कि यह धार्मिक आस्था और राजनीति का एक बड़ा मुद्दा बनता जा रहा है।

BJP attacks CM Mann over comments on Dera Beas chief, launches scathing attack.




