सरे: कनाडा में फिरौती और गोलीबारी की घटनाओं में पंजाबी मूल के युवाओं की संलिप्तता का एक और मामला सामने आया है। सरे पुलिस ने फिरौती वसूलने के मकसद से फायरिंग करने के आरोप में तीन पंजाबी युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तीनों आरोपियों की तस्वीरें भी सार्वजनिक कर दी हैं ताकि जांच को आगे बढ़ाया जा सके और अन्य संभावित गवाह सामने आ सकें। पुलिस जांच में सामने आया है कि ये तीनों कनाडा के नागरिक नहीं हैं। इस वजह से पुलिस ने इनकी जानकारी कनाडा बॉर्डर सर्विसेज एजेंसी (CBSA) को सौंप दी है और इनके इमिग्रेशन स्टेटस की भी गहनता से जांच की जा रही है।
भागने की कोशिश के दौरान पुलिस से हुई झड़प
घटना रविवार तड़के की है, जब सरे के क्रेसेंट बीच इलाके में एक घर पर गोलियां चलने की सूचना पुलिस को मिली थी। पुलिस के वहां पहुंचने से पहले ही आरोपी एक राइड-शेयर व्हीकल में बैठकर मौके से फरार हो गए थे। पुलिस ने उनका पीछा कर उन्हें रोका और बातचीत की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने पुलिस का विरोध करना शुरू कर दिया। उन्हें काबू करने के लिए पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा, जिसमें एक आरोपी की आंख के पास चोट भी लगी है, जो जारी की गई तस्वीर में साफ दिखाई दे रही है। हालांकि, गिरफ्तारी के वक्त उनके पास से कोई हथियार बरामद नहीं हुआ है, लेकिन पुलिस मामले की तह तक जाने में जुटी है।
आरोपियों की पहचान उजागर, लोगों से मांगी मदद
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान 21 वर्षीय हरजोत सिंह, 19 वर्षीय तरणवीर सिंह और 21 वर्षीय दयाजीत सिंह के रूप में हुई है। सरे पुलिस का मानना है कि इनकी तस्वीरें सार्वजनिक करने से जांच में मदद मिलेगी। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी के पास 1 फरवरी 2026 की सुबह या उससे पहले की इनकी गतिविधियों से जुड़ी कोई जानकारी है, तो वे तुरंत पुलिस के साथ साझा करें। पुलिस को शक है कि इन युवकों ने फिरौती के लिए ही फायरिंग की घटना को अंजाम दिया है।
दहशत फैलाकर वसूली का नया ट्रेंड
सरे पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि आजकल अपराधी फिरौती वसूलने के लिए डर का माहौल बनाने की कोशिश करते हैं। कुछ अपराधी फिरौती की कॉल करने से पहले ही फायरिंग कर देते हैं ताकि लोग दहशत में आ जाएं और आसानी से पैसे दे दें, जबकि कुछ पहले धमकी देते हैं और बाद में फायरिंग करते हैं। फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि इन आरोपियों ने पीड़ित परिवार से फिरौती मांग ली थी या वे अब मांगने की तैयारी कर रहे थे।

three-punjabi-men-arrested-by-surrey-police-in-canada-for-extortion-and-firing-investigation-into-their-immigration-status-begins








