राजपुरा: विदेश में रोजी-रोटी कमाने गए पंजाबियों के साथ अनहोनी की खबरें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला दक्षिण कोरिया से सामने आया है, जहां राजपुरा के नजदीकी गांव सैदखेड़ी के रहने वाले एक व्यक्ति की लूट की नीयत से बेरहमी से हत्या कर दी गई। हैरानी की बात यह है कि हत्या का आरोप पंजाब के ही एक अन्य युवक पर लगा है। मृतक की पहचान नत्था सिंह (45) के रूप में हुई है, जो पिछले 10 सालों से दक्षिण कोरिया के सनन शहर में एक फैक्ट्री में काम कर रहे थे।
सोने के जेवरात लूटने के लिए दिया वारदात को अंजाम
मृतक के चाचा शिंदर सिंह ने बताया कि बीते 30 जनवरी को उन्हें फोन पर सूचना मिली कि 29 जनवरी की रात नत्था सिंह का कत्ल कर दिया गया है। परिवार को वहां से मिली जानकारी के मुताबिक, आरोपी की पहचान पातड़ां इलाके के रहने वाले ‘बजाज’ नाम के व्यक्ति के तौर पर हुई है, जो नत्था सिंह के पास ही रहता था। बताया जा रहा है कि आरोपी की नजर नत्था सिंह के गले और हाथों में पहने हुए सोने के गहनों पर थी। उसने सिर्फ सोने की लूट के इरादे से अपने ही साथी को मौत के घाट उतार दिया।
सबूत मिटाने के लिए घर को किया आग के हवाले
हत्या करने के बाद आरोपी ने पुलिस से बचने और सबूत मिटाने के लिए एक और खौफनाक कदम उठाया। उसने वारदात के बाद घर को आग लगा दी और मौके से फरार हो गया। इस घटना से गांव सैदखेड़ी और पीड़ित परिवार में मातम का माहौल है। नत्था सिंह अपने पीछे पत्नी कुलविंदर कौर, दो बेटों और एक बेटी को रोता-बिलखता छोड़ गए हैं। फिलहाल आरोपी फरार बताया जा रहा है, वहीं पीड़ित परिवार सरकार से मदद और इंसाफ की गुहार लगा रहा है।

a-punjabi-man-was-murdered-in-south-korea-a-young-man-from-rajpura-committed-the-crime-out-of-greed-for-gold




